गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

सेमीकंडक्टर, डिस्प्ले फैब परियोजना के लिए पूरी तैयारी है

नई दिल्ली : वेदांता समूह ने कहा है कि वह भारत में सेमीकंडक्टर और डिस्प्ले फैब कारखाना लागाने की अपनी परियोजना को लेकर प्रतिबद्ध तथा तैयार है तथा इसके लिए प्रौद्योगिकी और शेयर पूंजी की भागीदारी करने वालों के साथ उसकी बातचीत में पर्याप्त प्रगति हो चुकी है। वेदांता समूह ने कहा है कि वह सेमीकंडक्टर और डिस्प्ले फैब उद्योग को प्रोत्साहित करने की नीति के साथ अपने प्रस्ताव पर सरकार की मंजूरी मिलते ही परियोजना पर काम शुरू कर सकता है।
वेदांता सेमीकंडक्टर एंड डिस्प्ले के वैश्विक प्रबंध निदेशक आकर्ष हेब्बर ने मंगलवार को एक बयान में कहा, “वेदांता समूह गुजरात के अहमदाबाद जिले में धोलेरा विशेष निवेश क्षेत्र में भारत का पहला सेमीकंडक्टर और डिस्प्ले फैब बनाने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है। सेमीकंडक्टर के मामले में प्रौद्योगिकी प्रदान करने वालों और शेयर पूंजी लगाने वालों के साथ समझौता करने की दिशा में पर्याप्त प्रगति हुई है और इस बारे में हम जल्द ही एक घोषणा करेंगे।”
हेब्बर ने कहा कि समूह ने अपनी इस परियोजना की दिशा में आगे बढता जा रहा है और कई महत्वपूर्ण पड़ाव पार कर लिए हैं। उन्होंने कहा, “ हमने 100 से अधिक वैश्विक आपूर्तिकर्ताओं और सहायक उद्योगों के साथ काम किया है जो सेमीकंडक्टर और डिस्प्ले इकोसिस्टम का एक महत्वपूर्ण हिस्सा बनेंगे। गुजरात सरकार ने हमें धोलेरा में जमीन आवंटित की है और फैब के निर्माण के लिए इसे तैयार करने का काम पहले से ही चल रहा है। ” उन्होंने कहा कि डिस्प्ले फैब के लिए वेदांता ने इनोलक्स के साथ हमारी पहले से ही साझेदारी कर रखी है और उसके उसके पूर्ण सहयोग से तेजी से काम पर आगे बढ़ने के लिए तैयार है।
हेब्बर ने कहा, “ हम सेमीकंडक्टर और डिस्प्ले फैब्स के लिए संशोधित योजना के तहत अपने आवेदनों पर भारत सरकार की मंजूरी का इंतजार करेंगे। इसके बाद, हम तुरंत निर्माण शुरू कर देंगे और हमारे प्रधानमंत्री के दृष्टिकोण के अनुरूप इलेक्ट्रॉनिक्स में भारत को आत्मनिर्भर बनाने की राह पर निकल पड़ेंगे। ”
गौरतलब है कि वेदांता समूह ने ताइवान की कंपनी फॉक्सकॉन समूह के साथ मिल कर भारत में यह परियोजना लगाने का प्रस्ताव किया था लेकिन फॉक्सकान वेदांता समूह के साथ पिछले दिनों अपने समझौते से अलग हो गयी। फॉक्सकॉन के इस फैसले से वेदांता की परियोजना को लेकर कई तरह की आशंकाएं जताई जाने लगी थी। इस बीच फॉक्सकॉन के अधिकारियों ने भी कहा है कि उनकी कंपनी भारत में इस क्षेत्र में निवेश के लिए प्रतिबद्ध है और वह अपने नए ढंग से आगे बढ़ेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *