गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

अमरनाथ यात्रा बालटाल से भी बहाल

एक लाख यात्रियों ने किये बाबा के दर्शन

श्रीनगर : केन्द्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर में सोमवार को कुल 20 हजार अमरनाथ तीर्थयात्रियों को बालटाल आधार शिविर से जाने की अनुमति दी गई, जबकि पहलगाम से यात्रा सामान्य रूप से जारी है। यात्रा शुरू होने से अब तक एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने बाबा बर्फानी के दर्शन किये हैं।
एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि आज सुबह 6,265 तीर्थयात्रियों ने अमरनाथ के पवित्र गुफा मंदिर में दर्शन किए। उन्होंने बताया कि अच्छे मौसम की स्थिति के बीच सोमवार सुबह 10 बजे तक महिलाओं और साधुओं सहित 19,276 तीर्थयात्रियों को बालटाल आधार शिविर से डुमेल के रास्ते अमरनाथ गुफा मंदिर की ओर जाने की अनुमति दी गई है।
अधिकारी ने बताया कि एक जुलाई को 62 दिवसीय यात्रा शुरू होने के बाद से, अब तक दर्शन करने वाले तीर्थयात्रियों की कुल संख्या एक लाख से अधिक हो गई है। इससे पहले, खराब मौसम और फिसलन भरी स्थिति के कारण सात जुलाई को पहलगाम और बालटाल दोनों मार्गों से यात्रा निलंबित कर दी गई थी। बहरहाल, यात्रा मध्य कश्मीर के गांदरबल जिले में सबसे छोटे मार्ग बालटाल से फिर से शुरू हुई।
उन्होंने बताया कि बड़ी संख्या में तीर्थयात्री आज सुबह पहलगाम के नुनवान आधार शिविर से दर्शन के लिए पंजतरणी के रास्ते गुफा मंदिर के लिए रवाना हुए। कश्मीरी मौसम के स्वतंत्र मौसम वेधशाला के फैज़ान आरिफ ने बताया कि अमरनाथ की पवित्र गुफा के दोनों मार्गों पहलगाम और बालटाल से अमरनाथ पवित्र गुफा तक के लिए हल्की वर्षा के आसार हैं। मौसम विभाग ने बताया कि अगले दो दिनों में दिन के दौरान मौसम शुष्क रहने के आसार हैं और अमरनाथ के दोनों मार्गों पर दोपहर और शाम के बीच वर्षा के भी आसार हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *