श्रीनगर : जम्मू कश्मीर में रविवार को खराब मौसम के कारण पहलगाम और बालटाल मार्गों से अस्थायी रूप से निलंबित रहने के बाद अमरनाथ यात्रा फिर से बहाल कर दी गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। इस बीच, शनिवार शाम तक 21401 तीर्थयात्रियों के पवित्र गुफा के दर्शन करने के साथ, एक जुलाई से शुरु हुई तीर्थयात्रा के बाद से गुफा मंदिर में दर्शन करने वाले यात्रियों की कुल संख्या दो लाख से अधिक हो गई है।
उन्होंने कहा कि खराब मौसम के कारण दक्षिण कश्मीर के पारंपरिक नुनवान पहलगाम आधार शिविर और मध्य कश्मीर के गांदरबल जिले के बालटाल से यात्रा को रविवार तड़के एहतियात के तौर पर अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया गया था। कई स्थानों पर यात्रा फिसलन भरी हो गई थी। अधिकारी ने कहा,“जैसे ही मौसम में सुधार हुआ, तीर्थयात्रियों को दोनों ओर से रुकने वाले स्थानों से आगे बढ़ने की अनुमति दी गई।” उन्होंने कहा,“पहलगाम और बालटाल दोनों मार्गों पर अमरनाथ यात्रा सुचारू रूप से चल रही है।”
उन्होंने कहा कि महिलाओं और साधुओं सहित बड़ी संख्या में तीर्थयात्री सुबह बालटाल आधार शिविर से डुमैल के रास्ते अमरनाथ गुफा मंदिर की ओर रवाना हुए। हालांकि, बारिश के कारण एहतियात के तौर पर उन्हें पड़ाव स्थलों पर रोक दिया गया। उन्होंने बताया कि मौसम में सुधार होते ही यात्रा फिर से शुरू हो गई। बारिश रुकने के बाद पहलगाम के पारंपरिक मार्ग से पंजतरणी और अन्य पड़ाव स्थलों से भी यात्रा फिर से शुरू हो गई।
एक स्वतंत्र मौसम भविष्यवक्ता फैजान आरिफ ने भविष्यवाणी की कि दिन के दौरान पवित्र गुफा के दोनों मार्गों पर बारिश की बौछारें होने की संभावना है। उन्होंने कहा कि अगले दो दिनों के लिए मौसम का पूर्वानुमान है कि पहलगाम-गुफा मार्ग और बालटाल-गुफा मार्ग दोनों पर दिन के दौरान कभी भी बारिश होने के आसार है।
मौसम की वजह से रुकी अमरनाथ यात्रा बहाल
