गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

ग्वालियर में अंबेडकर का भव्य धाम बनाया जाएगा

ग्वालियर : शिवराज सिंह चौहान ने आज कहा कि ग्वालियर में संविधान निर्माता डॉ भीमराव अंबेडकर का भव्य धाम बनाया जाएगा। चौहान यहां के मेला मैदान में आयोजित ‘बाबा साहेब अंबेडकर महाकुंभ’ शामिल हुए। इस मौके पर केन्द्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, ज्योतिरादित्य सिंधिया और भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा सहित अन्य मंत्री एवं भाजपा नेता मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्वालियर में भी बाबा साहेब डॉ भीमराव अंबेडकर की स्मृति में एक भव्य धाम बनाया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबासाहेब के विचार आज भी प्रासंगिक हैं और देश व समाज के उत्थान हेतु सतत प्रेरित कर रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बाबासाहेब के सपनों के भारत के निर्माण के लिए हम सब कटिबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब डॉ भीमराव अंबेडकर से जुड़े पंचतीर्थों को हमने मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना में शामिल किया है। डॉ भीमराव अंबेडकर ने हमें संविधान दिया। उनके बनाए हुए संविधान पर हम सरकार चला रहे हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें यह कहते हुए गर्व है कि हमने महू में बाबा साहेब का भव्य स्मारक बनाया और प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में पंचतीर्थ की कल्पना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश में 1 लाख 24 हजार पदों पर सरकारी भर्तियां जारी हैं। हम बैकलॉग पदों पर भी भर्ती कर रहे हैं। अलग-अलग योजनाओं के माध्यम से युवाओं को स्व-रोजगार के लिए ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हमने तय किया कि अपने बच्चों के लिए हम ज्यादा स्कूल खोलेंगे, छात्रावास खोलेंगे। औद्योगिक क्षेत्रों में अनुसूचित जाति के उद्योग लगाने वाले युवाओं को 20 प्रतिशत भूखंड सुरक्षित रखेंगे। नगरीय निकायों में सैनिटेशन पॉलिसी हमने नई बना दी है। मैनहोल की सफाई अब केवल मशीनों से की जाएगी। मशीनों पर भी हम सब्सिडी देंगे।
चौहान ने कहा कि ऐसे मेधावी बच्चे जिनके परिवार की वार्षिक आय 8 लाख रुपए तक की है, ऐसे बच्चों की मेडिकल, इंजीनियरिंग, आईआईटी, आईआईएम, लॉ आदि की फीस उनके माता-पिता नहीं सरकार भरेगी। उन्होंने कहा कि संत रविदास का सागर में 100 करोड़ की लागत से भव्य मंदिर बनाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *