अमृतसर : पंजाब पुलिस ने मादक पदार्थ नेटवर्क को बड़ा झटका देते हुए चार लोगों को गिरफ्तार कर उनके पास से तीन किलो हेरोइन और नौ लाख रुपये की ड्रग मनी बरामद कर एक नशा तस्करी रैकेट का भंडाफोड़ किया है। पुलिस आयुक्त (सीपी) गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने मंगलवार को कहा कि गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान अमृतसर के लोहगढ़ के विक्रमजीत सिंह उर्फ विक्की, अमृतसर के गांव होशियार नगर के रशपाल सिंह, अमृतसर के वरयाम सिंह कॉलोनी के गौरव उर्फ काली और अमृतसर के दुर्गियाना आबादी के साहिल कुमार उर्फ मंथन के रूप में हुई है।
पुलिस टीमों ने हेरोइन जब्त करने के अलावा उनकी कार भी जब्त कर ली है, जिसमें तस्कर हेरोइन की खेप की आपूर्ति करने जा रहे थे। भुल्लर ने कहा कि विश्वसनीय सूचना के बाद उपायुक्त जांच हरप्रीत सिंह मंडेर और अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसीपी) सिटी-3 अभिमन्यु राणा की देखरेख में सीआईए स्टाफ -1 की पुलिस टीमों ने गोल बाग बैकसाइड रेलवे स्टेशन अमृतसर के इलाके में एक विशेष पुलिस चेकिंग की और सभी चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
उपायुक्त भुल्लर ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी रशपाल सिंह पर पहले से ही अमृतसर ग्रामीण और तरनतारन में चोरी और एनडीपीएस एक्ट से संबंधित दो आपराधिक मामले दर्ज हैं। उन्होंने कहा कि आरोपियों के संबंधों की जांच करने और नशा आपूर्तिकर्ताओं, डीलरों और उनके खरीदारों के पूरे नेटवर्क का पता लगाने के लिए आगे की जांच की जा रही है, जबकि गिरफ्तार आरोपियों द्वारा अब तक खरीदे गए नशीले पदार्थों की कुल मात्रा का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
