गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

इंदौरा में राजीव गांधी मॉडल डे बोर्डिंग स्कूल खोलने की घोषणा

कांगडा : सुखविंदर सिंह सुक्खू ने सोमवार को कांगड़ा जिले के इंदौरा में राजकीय महाविद्यालय के वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह की अध्यक्षता करते हुये क्षेत्र में राजीव गांधी मॉडल डे-बोर्डिंग स्कूल खोलने की घोषणा की। सुक्खू ने इंदौरा में उप पुलिस अधीक्षक कार्यालय खोलने, मोकी (सुरडबां) में 33 केवी सब स्टेशन, राष्ट्रीय राजमार्ग डमटाल के पास पर्यटन होटल/ यूनिटी मॉल खोलने, इंदौरा में ऑडिटोरियम/इंडोर स्टेडियम का निर्माण करने, तीन पुलों सहित मोहतली-इंदौरा सड़क की चौड़ाई एवं सुधारीकरण करने, डमटाल गौशाला में गौवर्धन इकाई स्थापित करने, कंदरोड़ी में कोल्ड स्टोर, एचआरटीसी वर्कशॉप/क्षेत्रीय प्रबंधक कार्यालय पठानकोट से ढांगू स्थानांतरित करने, इंदौरा में पशु पालन विभाग का उपमंडल कार्यालय खोलने, पठानकोट से चंढीगड़ वाया डमटाल, इंदौरा, रे, कटियाड़, तलवाड़ा, अम्ब व ऊना एचआरटीसी की नयी बस सेवा शुरू करने, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हगवाल और कंगरेरी अधिसूचित करने, पशु औषधालय डुग्घ-बाकशियां तहसील इंदौरा को पशु चिकित्सालय में स्तरोन्नत करने, चक्कीखड्ड पर पुल का निर्माण (डमटाल से माजरा, महोतली खड्ड) और सुरादवान से मलकाना पुल के निर्माण की घोषणा की।
उन्होंने कहा कि 15 माह पूर्व जब उन्होंने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली तो चर्चा शुरू हुई कि सुखविंदर सिंह सुक्खू कभी मंत्री नहीं रहे अब मुख्यमंत्री पद कैसे संभालेंगे। लेकिन मैंने आर्थिक चुनौतियों का सामना डटकर किया क्योंकि कर्ज के सहारे व्यवस्था नहीं चल सकती। आज प्रत्येक हिमाचली पर एक लाख रुपए से ज्यादा का कर्ज है।
श्री सुक्खू ने कहा कि सत्ता के चाहवान कुछ लोगों ने राज्य सरकार को गिराने का असफल प्रयास किया। उन्होंने कहा कि मेरे साथ आम जनता का समर्थन है। सभी चुनौतियों का सामना कर रहा हूं। उन्होंने कहा कि कुछ ताकतें धन-बल से लोकतंत्र की हत्या करना चाहती हैं, जिन्हें जनता कभी माफ नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि बागी विधायक पंचकुला के पांच सितारा होटल में रुकने के बाद अब उत्तराखंड के ऋषिकेश चले गए हैं। उन्होंने कहा कि गंगा मैया भी उनके पाप नहीं धो पाएगी। जिन लोगों ने आमजन की भावना से खिलवाड़ किया है, ऐसे विधायकों का जनता कभी साथ नहीं देगी। उन्होंने कहा कि छह विधायकों ने राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोट किया।
उन्होंने कहा कि विधायक मलेंद्र राजन एक ईमानदार नेता हैं तथा क्षेत्र के विकास के लिए हमेशा चिंतित रहते हैं। उन्होंने कहा कि वह इंदौरा विधानसभा क्षेत्र के लिए जो भी मांग उनके सामने रखेंगे, उसे पूरा किया जायेगा। उन्होंने इससे पूर्व इंदौरा के लिये 143 करोड़ रु की 14 विकास परियोजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास किये।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *