गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

अनुराग ने हमीरपुर के त्रिदेव सम्मेलन में की शिरकत

कांग्रेस पर जमकर बोला हमला

हमीरपुर (हिमाचल प्रदेश) : अनुराग ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस पार्टी के झूठ को अब हिमाचल प्रदेश की जनता जान चुकी है और उनके झूठे वादों से त्रस्त हो चुकी है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने लोकसभा चुनाव की तैयारी को अंजाम देते हुए त्रिदेव सम्मेलन का आयोजन शुरू कर दिया है। हमीरपुर मंडल में शनिवार को त्रिदेव सम्मेलन का आयोजन किया गया है। इसमें 300 से अधिक बूथ पालक, बूथ अध्यक्ष, बीएलए मौजूद रहे।
इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने संत रविदास की प्रतिमा पर माल्यार्पणकर उन्हें श्रद्धांजलि दी। त्रिदेव सम्मेलन के प्रदेश संयोजक पुरुषोत्तम गुलरिया प्रदेश सचिव नरेंद्र अत्री, जिला भाजपा अध्यक्ष देशराज शर्मा, भाजपा मंडल अध्यक्ष आदर्श कांत भी मौजूद रहे।
ठाकुर ने कहा कि पार्टी के लिए त्रिदेव चुनाव में महत्वपूर्ण भूमिका अदा करते हैं। उन्होंने कहा कि जिस तरह से केंद्र की मोदी सरकार ने धारा 370 को हटाने का काम किया था, उसी तर्ज पर भाजपा हर बूथ पर 370 से अधिक मत हासिल करने का लक्ष्य लेकर विपक्ष को ध्वस्त करेगी।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार होने के बावजूद भाजपा ने लोकसभा में जीत का परचम लहराया था और इस बार भी पार्टी चारों सीटें जीतेगी । उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी के झूठ को अब हिमाचल की जनता जान चुकी है और उनके झूठे वादों से त्रस्त हो चुकी है।
ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी खुद अपने होश खो बैठे हैं और उन्हें खुद पता नहीं होता कि वह क्या बोल कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता ने नेहरू-गांधी परिवार की चार पीढ़ी को जीत दिलवाकर उनका मान-सम्मान बढ़ाया था। वहीं राहुल गांधी उनके मान-सम्मान को ठेस पहुंचाने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का हाल इस बार उत्तर प्रदेश में बुरा होने वाला है और एक भी सीट कांग्रेस वहां नहीं जीतेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *