गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

अनुराग ठाकुर ने अमेजन प्राइम पर किया ‘स्वराज’ लॉन्च

मुंबई : अनुराग सिंह ठाकुर ने बुधवार को यहां ओटीटी प्लेटफॉर्म अमेजन प्राइम पर सीरीज ‘स्वराज’ का पहला सीजन लॉन्च किया। ठाकुर ने इस अवसर पर कहा कि यह धारावाहिक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राष्ट्रीय अभियान ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ से प्रेरणा लेकर शुरू किया गया है। उन्होंने कहा कि अगस्त 2022 में लॉन्च हुआ यह धारावाहिक देश के स्वतंत्रता संग्राम की वीरों की कहानियां हैं, जिनके बारे में बहुत कम लोग जानते हैं।
उन्होंने कहा, “ये वे युद्ध हैं जो इतिहास के पन्नों में कहीं खो गये। स्वराज इन अनगिनत गुमनाम नायकों और उनके अदम्य साहस की कहानी है।” प्राइम वीडियो इंडिया के कंट्री डायरेक्टर सुशांत श्रीराम ने कहा, “यह प्रयास भारत की अनूठी संस्कृति और इतिहास को प्रदर्शित करने और उसका जश्न मनाने तथा भारत के रचनात्मक पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करने की हमारी प्रतिबद्धता के सार को दर्शाता है, जैसा कि पिछले वर्ष अमेजन इंडिया और सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के बीच हस्ताक्षरित अनुबंध पत्र में कल्पना की गयी थी।
ठाकुर ने सीरीज के बारे में विस्तार से बताते हुए कहा, “75 एपिसोड की यह सीरिज हमारे देश के सभी कोनों से स्वतंत्रता संग्राम के गुमनाम नायकों को शामिल करती है। उन्होंने कहा, “यह हमें उपनिवेशवाद के अर्थ, उत्पत्ति और परिणामों को समझने में मदद करता है।”
उन्होंने कहा कि भारत का इतिहास विदेशी आक्रमणकारियों और शासकों द्वारा अपने राजनीतिक, वैचारिक और आर्थिक हितों के अनुसार लिखा गया था। इस ऐतिहासिक धारावाहिक में ‘स्वराज’ की अवधारणा को स्पष्ट करने के लिए ऐतिहासिक घटनाओं को व्यापक संदर्भ में प्रस्तुत किया गया है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि इस सीरीज से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय दर्शकों को देश की भावना और औपनिवेशिक शासकों से स्वतंत्रता हासिल करने के लिए इसके 500 साल लंबे अथक संघर्ष को समझने में मदद मिलेगी। ठाकुर ने इस सीरीज को बनाने में प्रसार भारती की भूमिका पर विचार करते हुए विभिन्न यादगार कार्यक्रमों के माध्यम से समय-समय पर नागरिकों की भावनाओं को सही दिशा में लाने में दूरदर्शन और आकाशवाणी की भूमिका की सराहना की।
उन्हाेंने लोगों को एक नये 52-एपिसोड के धारावाहिक ‘सरदार: द गेम चेंजर’ के बारे में बताया, जिसे दूरदर्शन ने 10 मार्च 2024 को सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में लॉन्च किया। ज्ञातव्य है कि धारावाहिक ‘स्वराज’ का प्रसारण 14 अगस्त 2022 को डीडी नेशनल पर हिंदी में और उसके बाद दूरदर्शन के क्षेत्रीय नेटवर्क पर नौ क्षेत्रीय भाषाओं (तमिल, तेलुगु, कन्नड़, मलयालम, मराठी, गुजराती, बंगाली, उड़िया और असमिया) में शुरू हुआ।
पहले सीजन में 10 एपिसोड होंगे और यह सात क्षेत्रीय भाषाओं – मराठी, तमिल, तेलुगु, मलयालम, कन्नड़, बंगाली और गुजराती में भी उपलब्ध होगा। दर्शकों की सुविधा के लिए हिंदी और अंग्रेजी भाषा में ‘सबटाइटल्स’ भी उपलब्ध कराये गये हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *