नई दिल्ली : सरकार ने उज्ज्वला योजना के तहत 300 रुपए की सब्सिडी जारी रखने का निर्णय लिया है। केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने मंत्रिमंडल की बैठक के बाद गुरुवार को यहां संवाददाता सम्मेलन में यह जानकारी देते हुए बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में आज यहां हुई मंत्रिमंडल की बैठक में यह निर्णय लिया गया।
उन्होंने बताया कि योजना के तहत लाभार्थियों को हर साल 12 रिफिल तक प्रदान की जाने वाली 300 रुपये प्रति 14.2 किलोग्राम सिलेंडर की लक्षित सब्सिडी जारी रखने को मंजूरी दी गयी है। एक मार्च तक 10.27 करोड़ से अधिक पीएमयूवाई लाभार्थी हैं जिनको खातों में सीधी सब्सिडी जाएगी। इस योजना पर 2024-25 में 12,000 करोड़ रुपये ख़र्च होंगे। उनका कहना था कि सरकार ने ग्रामीण और वंचित गरीब परिवारों को स्वच्छ खाना पकाने का ईंधन उपलब्ध कराने के लिए तरलीकृत पेट्रोलियम गैस एलपीजी कनेक्शन देने की प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना मई 2016 में शुरू की थी।
उन्होंने कहा कि देश अपनी एलपीजी आवश्यकता का लगभग 60 प्रतिशत आयात करता है। पीएमयूवाई लाभार्थियों को एलपीजी की अंतरराष्ट्रीय कीमतों में तेज उतार-चढ़ाव के प्रभाव से बचाने के लिए और पीएमयूवाई उपभोक्ताओं के लिए एलपीजी को और अधिक किफायती बनाने का काम किया है ताकि उनके द्वारा एलपीजी का निरंतर उपयोग सुनिश्चित किया जा सके।
उज्ज्वला योजना पर 300 रुपये सब्सिडी जारी रखने को मंजूरी
