फर्रूखाबाद : उत्तर प्रदेश में फर्रूखाबाद जिले के नवाबगंज थाना क्षेत्र में मंगलवार को पुलिस ने एक मकान पर छापेमारी कर अवैध हथियार बनाने वाली फैक्ट्री का भण्डाफोड़ किया और संचालक समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर 25 बने व अधबने नाजायज असलहे और हथियार बनाने के उपकरण बरामद किये। पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने बघार नाला वहद ग्राम मिल्किया पहाड़पुर में गयादीन उर्फ टेलर के मकान में छापा मारा और अवैध हथियार बनाने की चल रही फैक्ट्री का भंडाफोड़ कर फैक्ट्री संचालक गयादीन और उसके साथी रामवीर एवं सुनील शर्मा को गिरफ्तार किया। उन्होने बताया कि पुलिस ने पकड़े गये अभियुक्तों के कब्जे से 25 बने व अधबने नाजायज असलहे 315 व 12 बोर के अलावा खोखा कारतूस व इन्हे बनाने के उपकरण भारी मात्रा में बरामद किये गये। उन्होने बताया कि गयादीन उर्फ टेलर पर तीन, रामवीर पर एक व सुनील पर पांच संगीन धाराओं में अपराधिक मुकदमें दर्ज हैं।
