लखनऊ : जाट रेजिमेन्टल सेन्टर (जेआरसी), बरेली में चार से 16 दिसंबर के बीच यूनिट हेडक्वार्टस कोटा (यूएचक्यू) के तहत अग्निवीर सामान्य ड्यूटी, अग्निवीर ट्रेड्समेन, अग्निवीर खिलाड़ी (जो अभ्यर्थी जाट रेजिमेंटल सेन्टर में स्पोर्ट्स ट्रॉयल में भाग लिए थे) और अग्निवीर लिपिक पदों के लिये भर्ती रैली का आयोजन किया जायेगा। मध्य कमान के प्रवक्ता ने मंगलवार को बताया कि यह भर्ती रैली युद्ध विधवाओं के पुत्रों, जाट रेजिमेन्ट के भूतपूर्व एवं सेवारत सैनिकों, युद्ध के दौरान शहीद एवं घायल सैनिकों के पुत्रों तथा सगे भाइयों के लिये आयोजित की जायेगी।
इसके अलावा इस भर्ती रैली में अन्य रेजिमेन्टों के भूतपूर्व एवं सेवारत सैनिको, युद्ध के दौरान घायल सैनिकों के भाई, पुत्र तथा कानूनी रूप से गोद लिये हुए बच्चों सहित सर्वश्रेठ खिलाड़ी भाग ले सकते हैं । अभ्यर्थियों को प्रारम्भिक जॉंच के लिये सभी जरूरी प्रमाण पत्र एवं दस्तावेजों के साथ सुबह चार बजे भर्ती स्थल जाट रेजिमेन्टल सेन्टर के जाट गेट पर पहुॅंचना होगा। आठ बजे के बाद आने वाले अभ्यर्थियों को भर्ती में सम्मिलित होने की अनुमति नही दी जायेगी।
अभ्यर्थियों का चिकित्सकीय परीक्षण पांच दिसंबर से शुरु होगा जबकि लिखित परीक्षा 10 मार्च 2024 को आयोजित की जायेगी। लिखित परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं का परीक्षण 16 मार्च 2024 से शुरु होगा और अंतिम लिखित परीक्षा परिणाम 23 मार्च 2024 को घोषित किये जायेंगे। अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थियों को जाट रेजिमेन्टल सेन्टर, बरेली के भर्ती कार्यालय से संपर्क करने की सलाह दी गयी है।
