10 से अधिक लोगों से कर चुका है लाखों की ठगी, दिल्ली पुलिस की वर्दी भी बरामद
हापुड़। थाना हापुड देहात कोतवाली पुलिस ने दिल्ली पुलिस की वर्दी का रौब दिखाकर ठगी करने एवं रंगदारी मांगने वाले एक फर्जी पुलिस कर्मी को गिरफ्तार किया है। जिसके कब्जे से दिल्ली पुलिस की वर्दी, एक कार, 2 फर्जी नम्बर प्लेट, एक एयर पिस्टल, एक मोबाइल, नकदी व अन्य दस्तावेज बरामद किये गये हैं।
एसपी अभिषेक वर्मा ने बताया कि कुछ दिन पूर्व उन्हें एक शिकायत मिली कि एक व्यक्ति खुद को दिल्ली पुलिस का अधिकारी बताता है। उसने पीड़ित से नौकरी लगवाने के नाम पर रुपए हड़पे हैं। शिकायत के आधार पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू की। जिस पर थाना हापुड देहात पुलिस द्वारा दिल्ली पुलिस की वर्दी का रौब दिखाकर ठगी करने व रंगदारी मांगने वाले एक फर्जी पुलिस कर्मी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस पूछताछ में उसने अपना नाम विवेक शर्मा निवासी गांव जटपुरा थाना आहार जनपद बुलन्दशहर हाल पता वैशाली विहार थाना हापुड देहात जनपद हापुड बताया है।
दिल्ली पुलिस में नौकरी बताकर की थी शादी
वैशाली विहार निवासी विवेक शर्मा स्नातक पास है। 10 वर्ष पूर्व उसकी शादी हुई थी। शादी होने पर कामकाज न होने के चलते उस पर कर्ज हो गया। हालांकि उसने शादी से पूर्व भी खुद को दिल्ली पुलिस में बताया था। ऐसे में कर्ज उतारने के लिए उसने इस रास्ते को चुना। घर से वर्दी पहनकर कार में निकलता था।
हापुड़ में 5 लोगों से कर चुका है ठगी
वह हापुड़ इलाके में अभी तक 5 से अधिक लोगों से नौकरी लगवाने के नाम पर लगभग 5 लाख रुपए हड़प चुका है। जबकि दिल्ली समेत अन्य स्थान पर भी वह कई लोगों से ठगी कर चुका है। एसपी ने बताया कि वर्दी का रौब दिखाकर वह रंगदारी भी वसूलता था। उसके खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
फर्जी पुलिस अफसर बनकर ठगने वाला गिरफ्तार
