गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

आर्टेमिस हेल्थकेयर का मुनाफा बढ़ा

नई दिल्ली : आर्टेमिस मेडिकेयर सर्विसेज लिमिटेड (आर्टेमिस) ने चालू वित्त वर्ष 2023-24 की तीसरी तिमाही में 11.6 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ कमाया है जो पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि के लाभ की तुलना में 12.5 प्रतिशत अधिक है। कंपनी ने यहां जारी वित्तीय लेखाजोखा में कहा कि दिसंबर 2023 को समाप्त इस तिमाही में उसका सकल राजस्व 218.8 करोड़ रुपये रहा है जो पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि के राजस्व की तुलना में 15.5 प्रतिशत अधिक है।
कंपनी दिल्ली-एनसीआर में कुल 713 बेड के अस्पतालों का संचालन करती है। इनमें से 541 बेड क्वाटर्नरी केयर के हैं। गुरुग्राम में एक सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल के अलावा कंपनी आर्टेमिस लाइट और डेफोडिल्स ब्रांड के अंतर्गत 5 अस्पतालों का संचालन करती है। इसके अतिरिक्त फिलिप्स के साथ संयुक्त उपक्रम के रूप में आर्टेमिस कार्डियक केयर ब्रांड के तहत 8 केंद्रों का संचालन करती है। उसने कहा कि बेड कैपेसिटी यूटिलाइजेशन (नए टॉवर समेत) 65 प्रतिशत रहा। विदेशी मरीजों से आने वाला राजस्व 50.2 करोड़ रुपये से बढ़कर 58.1 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। शुद्ध राजस्व में 28.8 प्रतिशत की हिस्सेदारी विदेशी मरीजों की रही। पेशेंट फुटफाल 2.9 प्रतिशत बढ़कर 87,885 रहा। कुल 3,314 सर्जरी की गईं।
कंपनी की प्रबंध निदेशक डॉ. देवलीना चक्रवर्ती ने कहा, “हमें बीती तिमाही के नतीजे जारी करते हुए प्रसन्नता हो रही है। नतीजों ने एक बार फिर आर्टेमिस ब्रांड की मजबूत होती छवि को दिखाया है। त्योहारों के कारण अपेक्षाकृत कमजोर तिमाही होने के बावजूद नतीजों के हिसाब से यह सबसे अच्छी तिमाहियों में से है। अपने दूसरे टॉवर के प्रयोग ने नतीजों को बेहतर करने में हमारी मदद की है। हमें यह बताते हुए खुशी हो रही है कि तीसरे टॉवर का निर्माण कार्य भी तय योजना के अनुरूप ही बढ़ रहा है। वित्त वर्ष 2024-25 के शुरुआत में परिचालन में आने के बाद से यह टावर हमारे प्रदर्शन में उल्लेखनीय वृद्धि का कारक बनेगा।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *