गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

आर्टेमिस का मुनाफा बढ़ा

नई दिल्ली : अस्पताल का नेटवर्क संचालन करने वाली कंपनी आर्टेमिस मेडिकेयर सर्विसेज लिमिटेड ने चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में 9.8 करोड़ रुपये का लाभ कमाया है जो पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि के लाभ की तुलना में 18 प्रतिशत अधिक है। कंपनी ने आज निदेशक मंडल की बैठक के बाद जारी वित्तीय लेखाजोखा में कहा कि वित्त वर्ष 2023-24 की पहली तिमाही में समग्र राजस्व 220.2 करोड़ रुपये रहा है जो पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि के राजस्व की तुलना में 25.2 प्रतिशत अधिक है।
यह कंपनी दिल्ली एनसीआर में कुल 713 बेड के अस्पतालों का संचालन करती है, इनमें गुरुग्राम स्थित 541 बेड वाला सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल और आर्टेमिस लाइट एवं डैफोडिल्स ब्रांड के तहत 5 अस्पताल शामिल हैं। कंपनी ने कहा कि पहली तिमाही कुल 95,323 मरीज आए, जो पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि की तुलना में 10.7 प्रतिशत ज्यादा है। इस दौरान 3,620 सर्जरी की गईं।
कंपनी के प्रबंध निदेशक डॉ. देवलीना चक्रवर्ती ने कहा, “हम वित्त वर्ष 2023-24 की पहली तिमाही के नतीजों का एेलान करते हुए उत्साहित हैं। सीजन के आधार पर कमजोर तिमाही होने के बावजूद यह अब तक सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है और इसने वित्त वर्ष की शानदार शुरुआत दी है। दक्षता बढ़ाने और लागत घटाने की दिशा में हमारे प्रयासों से राजस्व और लाभ दोनों मोर्चे पर प्रभाव दिखा है।”
उन्होंने कहा कि तिमाही के दौरान गुरुग्राम में आर्टेमिस लाइट ब्रांड के तहत एक नया हॉस्पिटल खोला गया है। थोड़े ही समय में यहां मिली प्रतिक्रिया नजदीकी मल्टी स्पेशियलिटी की अवधारणा को सही ठहराती है। पिछले साल ही इस अवधारणा के तहत अस्पताल स्थापित करने की शुरुआत की गयी थी। इसके अतिरिक्त ओएंडएम करार के तहत मॉरीशस में दो में से पहला अस्पताल शुरू कर दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *