हैदराबाद : के.चंद्रशेखर राव ने गुरुवार को कहा कि जब तक वह जीवित हैं उनका राज्य धर्मनिरपेक्ष रहेगा। राव ने आदिलाबाद में प्रजा आशीर्वाद सभा को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य में फिर से बीआरएस सरकार आयेगी और आने वाले दिनों में देश में गठबंधन सरकार बनेगी। उपस्थित जनसमुदाय से कार चुनाव चिह्न के लिए वोट करने और राज्य में आगामी चुनावों में बीआरएस को जिताने की अपील करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी अल्पसंख्यकों को वोट बैंक के रूप में देखती है हालांकि उसने अल्पसंख्यक कल्याण के लिए केवल 2000 करोड़ रुपये खर्च किए हैं जबकि बीआरएस ने 10 साल की सरकार के दौरान 12,000 करोड़ रुपये व्यय किये।
इसके साथ ही अल्पसंख्यक बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के लिए आवासीय विद्यालय और आवासीय कॉलेज स्थापित किए। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री को सैकड़ों पत्र लिखने के बावजूद तेलंगाना को एक भी मेडिकल कॉलेज या एक भी नवोदय विद्यालय नहीं दिया गया। उन्होंने जनता से कहा कि अगर आप भाजपा को वोट देंगे तो वह नाले में जायेगा। उन्होंने कहा कि विकसित देशों में लोकतंत्र परिपक्व हो गया है लेकिन भारत अभी भी पिछड़ा हुआ है।
उन्होंने जोर दिया कि वोट एक मजबूत हथियार है और लोगों को अपने मताधिकार का प्रयोग सावधानीपूर्वक करना चाहिए। मतदाताओं को वोट देने से पहले उम्मीदवारों के गुणों और पार्टियों के इतिहास पर भी गौर करना चाहिए। उन्होंने कहा , “बीआरएस पार्टी का जन्म तेलंगाना के लोगों और राज्य की उपलब्धि के लिए हुआ था। आप सभी के आशीर्वाद से बीआरएस सरकार सफलतापूर्वक चल रही है। किसानों के कल्याण के लिए एक उत्कृष्ट नीति पेश की गयी जो देश के किसी अन्य राज्य में उपलब्ध नहीं है।”
