हिसार : हरियाणा में आठ अगस्त से हड़ताल पर गईं आशा वर्करों ने जेल भरो आंदोलन के तहत आज यहां हिसार और फतेहाबाद लघु सचिवालयों के समक्ष प्रदर्शन किया और गिरफ्तारियां दीं। इस दौरान लगभग 700 आशा वर्करों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और कहा कि जब तक उन्हें 26 हजार वेतन और सरकारी कर्मचारी का दर्जा नहीं मिलता तब तक उनका संघर्ष जारी रहेगा। इस दौरान आशा वर्करों को गिरफ्तार करने को लेकर पुलिस की बसें लघु सचिवालय में पहुंची। पुलिस हल्का बल प्रयोग कर इन वर्करों को बसों में बैठा कर महावीर स्टेडियम में ले गई।
आशा वर्कर यूनियन के आह्वान पर फतेहाबाद की आशा वर्करों ने सोमवार को जेल भरो आंदोलन चलाया। इस दौरान करीब 500 आशा वर्करों ने गिरफ्तारी दी। आशा वर्करों को रोडवेज की बसों में भरकर पुलिस लाइन ले जाया गया। इस दौरान एक आशा वर्कर बेहोश भी हो गई। यूनियन की जिला सचिव सुमन ने कहा कि प्रदेश भर में 20 हजार आशा वर्कर अपनी मांगों को लेकर गत आठ अगस्त से हड़ताल पर हैं।
हिसार, फतेहाबाद में आशा वर्करों ने दीं गिरफ्तारियां
