मुंबई : पृथ्वीराज चव्हाण की अध्यक्षता वाली महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस की अनुशासनात्मक समिति ने बुधवार को पूर्व विधायक आशीष देशमुख को पार्टी से छह साल के लिए निष्कासित कर दिया। अनुशासन समिति ने पूर्व विधायक एवं प्रदेश महासचिव देशमुख पर पार्टी विरोधी गतिविधियों के लिए यह कार्रवाई की है। इस संबंध में पूर्व मुख्यमंत्री और अनुशासनात्मक समिति के अध्यक्ष चव्हाण द्वारा जारी पत्र में कहा गया है कि महाराष्ट्र कांग्रेस की अनुशासन समिति ने पांच मार्च को भेजे गए कारण बताओ नोटिस का जवाब नौ अप्रैल को प्राप्त हुआ और इस पर समिति द्वारा विचार-विमर्श किया गया। समिति ने पाया कि श्री देशमुख के पार्टी विरोधी व्यवहार और सार्वजनिक बयानों के संबंध में दिया गया जवाब संतोषजनक नहीं है। इसके बाद प्रदेश कांग्रेस की अनुशासनात्मक समिति ने श्री देशमुख को छह साल की अवधि के लिए पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निष्कासित करने का फैसला किया है।
