भुवनेश्वर : अश्विनी वैष्णव ने ओडिशा में चल रही परियोजनाओं में समस्या वाले क्षेत्रों की पहचान और समाधान पर जोर दिया है। श्री वैष्णव ने रविवार को पूर्वी तट रेलवे (ईसीओआर) क्षेत्राधिकार पर विशेष ध्यान देने के साथ क्षेत्र में चल रही परियोजनाओं की व्यापक समीक्षा करते हुए यह बात कही। समीक्षा बैठक में प्रगति और चिंता के कई प्रमुख क्षेत्रों पर प्रकाश डाला गया, जिसमें बुनियादी ढांचे के विकास के महत्व पर जोर दिया गया। खुर्दा रोड-बोलांगीर रेल लाइन के जल्द पूरा होने के लिए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सुरंग को दोनों तरफ से बनाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि मार्ग में राष्ट्रीय राजमार्ग को लगभग सात किलोमीटर लंबी प्रमुख सुरंग से जोड़ने के लिए कदम उठाए जाएंगे ताकि निर्माण कार्य जल्द से जल्द हो सके। इसके अलावा, तालचेर-बिमलागढ़ नई लाइन में निर्माण कार्य दोनों तरफ से किया जाएगा, यानी तालचेर की तरफ से और बिमलागढ़ की तरफ से एक साथ किया जायेगा।
उन्होंने कहा कि रेल मंत्रालय जल्द ही ओडिशा के मुख्यमंत्री कार्यालय के साथ समीक्षा बैठक करेगा, ताकि राज्य में चल रही रेलवे परियोजनाओं के मुद्दों को सुलझाया जा सके और उन्हें जल्द पूरा किया जा सके। अमृत स्टेशनों के पुनर्विकास पर विशेष ध्यान दिया गया है। अमृत स्टेशनों के चल रहे निर्माण कार्यों की समीक्षा जल्द ही अगली बार की जाएगी।
श्री वैष्णव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ओडिशा पर विशेष ध्यान दिया है और रेलवे के क्षेत्र में राज्य में बुनियादी ढांचे के विकास के लिए 10,536 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं, जो अब तक का सबसे अधिक बजटीय प्रावधान है। उन्होंने कहा कि ओडिशा के सभी जिलों को रेलवे नेटवर्क से जोड़ने के लिए कदम उठाए गए हैं। पिछले 10 वर्षों में ओडिशा में 1826 ट्रैक किलोमीटर रेल लाइन का निर्माण किया गया है, जो श्रीलंका के कुल रेल नेटवर्क से भी अधिक है।
रेल मंत्री ने कहा कि चालू वित्त वर्ष में ईसीओआर को 500 किलोमीटर रेल लाइन के निर्माण का लक्ष्य दिया गया है। पिछले वित्त वर्ष में ईसीओआर ने 450 किलोमीटर रेल लाइन का निर्माण किया था और रेल लाइनों के विस्तार को प्राथमिकता दी गई थी, जो आर्थिक विकास और कनेक्टिविटी के लिए इसके महत्व को रेखांकित करता है।
समीक्षा बैठक में ईसीओआर के महाप्रबंधक परमेश्वर फुंकवाल, ईसीओआर के सभी प्रमुख विभागाध्यक्ष, ईसीओआर मुख्यालय के वरिष्ठ अधिकारी, खुर्दा रोड के मंडल रेल प्रबंधक एचएस बाजवा और खुर्दा रोड डिवीजन के शाखा अधिकारी शामिल हुए।
अश्विनी वैष्णव ने की ओडिशा में चल रही रेल परियाेजनाओं की समीक्षा
