चंडीगढ़ : पंजाब विजीलेंस ब्यूरो ने शनिवार को लुधियाना जिले के सुधार थाने में तैनात सहायक सब इंस्पेक्टर (एएसआई) गुरमीत सिंह को रिश्वत के एक मामले में गिरफ़्तार किया। विजीलेंस ब्यूरो के प्रवक्ता ने बताया कि शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि एएसआई गुरमीत सिंह ने उसका ज़ब्त किया आटो रिक्शा छोड़ने के बदले 1500 रुपए रिश्वत ली थी और आरोपी ने इससे पहले भी उससे 2500 रुपए रिश्वत ली थी।
शिकायतकर्ता ने गुरमीत सिंह की उससे 1500 रुपए रिश्वत लेते हुए की वीडियो भी पेश की थी। उन्होंने बताया कि यह पुलिस अधिकारी फरार था और उसकी अग्रिम ज़मानत अतिरिक्त सेशन जज, लुधियाना की अदालत ने ख़ारिज कर दी थी। प्रवक्ता ने बताया कि विजीलेंस ब्यूरो लुधियाना रेंज की टीम ने आज गुरमीत सिंह को बरनाला जिले के गाँव गागेवाल से गिरफ़्तार किया है और उसे कल अदालत में पेश किया जायेगा।
