चंडीगढ़ : पंजाब सतर्कता ब्यूरो ने शुक्रवार को पुलिस चौकी गोले वाला थाना सदर फरीदकोट में तैनात सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई) हरविन्दर सिंह को साढ़े ग्यारह हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया। सतर्कता ब्यूरो के प्रवक्ता ने बताया कि शिकायतकर्ता दिलप्रीत सिंह निवासी गाँव गोले वाला, ज़िला फरीदकोट ने सहायक उपनिरीक्षक के खिलाफ शिकायत दर्ज करायी थी जिसके आधार पर उसकी गिरफ़्तार की गयी है।
उन्होंने बताया कि शिकायतकर्ता ने ब्यूरो के पास पहुँचकर आरोप लगाया कि उक्त पुलिस कर्मचारी उसके और उसके भाई के खि़लाफ़ थाना सदर फरीदकोट में दर्ज हुए एक मामले के सम्बन्ध में ज़मानती बाँड कबूलने के बदले 15 हजार रुपए की रिश्वत की माँग कर रहा है।
शिकायतकर्ता ने बताया कि उक्त आरोपी उपनिरीक्षक पहले भी उससे इसी संबंध में पहली किश्त के तौर पर दो हजार रुपए रिश्वत ले चुका है और अब रिश्वत के बाकी 13 हजार रुपए देने पर उसे परेशान कर रहा है। शिकायतकर्ता ने रिश्वत की माँग करते हुए उक्त आरोपी के बातचीत की ऑडियो रिकार्ड भी कर ली जोकि सबूत के तौर पर उसने सतर्कता ब्यूरो को सौंप दी।
प्रवक्ता ने बताया कि सतर्कता ब्यूरो फ़िरोज़पुर रेंज ने इस शिकायत की प्राथमिक जांच के बाद जाल बिछाया और उक्त पुलिस कर्मचारी को दो सरकारी गवाहों की उपस्थिति में शिकायतकर्ता से रिश्वत के पैसे लेते हुये रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया और रिश्वत के पैसे भी बरामद कर लिए। आरोपी के खिलाफ़ सतर्कता ब्यूरो के थाना फ़िरोज़पुर रेंज में भ्रष्टाचार रोकथाम कानून के अंतर्गत मामला दर्ज कर लिया है।
