चंडीगढ़ : पंजाब विजीलेंस ब्यूरो (वीबी) ने राज्य में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रही मुहिम के दौरान मंगलवार को छतीविंड (अमृतसर) पुलिस स्टेशन में तैनात सहायक सब इंस्पेक्टर (एएसआई/एलआर) भूपिंदर सिंह को 10,000 रुपये की रिश्वत मांगने और स्वीकार करने के आरोप में गिरफ्तार किया।
विजीलेंस ब्यूरो के प्रवक्ता ने बताया कि आरोपी पुलिस अधिकारी को जिला अमृतसर के गांव गुरवाली निवासी सरवन सिंह की शिकायत पर गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ता ने वीबी रेंज अमृतसर पुलिस स्टेशन का दरवाजा खटखटाया और शिकायत दर्ज कराई कि एएसआई भूपिंदर सिंह ने उसके और अन्य के खिलाफ दर्ज मामले में उच्च न्यायालय से नियमित जमानत लेने में मदद करने के लिए 10,000 रुपये रिश्वत की मांग की है। मामले की जांच एएसआई भूपिंदर सिंह कर रहे थे।
प्रवक्ता ने बताया कि इस शिकायत की प्रारंभिक जांच के बाद, वीबी पुलिस स्टेशन, अमृतसर रेंज की एक टीम ने जाल बिछाया और दो आधिकारिक गवाहों की हाज़िरी में शिकायतकर्ता से 10,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए आरोपी पुलिस अधिकारी को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में आरोपी एएसआई के खिलाफ वीबी थाना अमृतसर रेंज में भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। इस मामले में आगे की जांच चल रही थी।
एएसआई रिश्वत लेते गिरफ्तार
