समस्तीपुर: प्रधानमंत्री के पोर्टल पर धमकी भरा मैसेज भेजने के मामले मे समस्तीपुर पुलिस ने एक बैंक के एटीएम में निजी गार्ड के रूप मे कार्यरत कर्मी रूदल राय को गिरफ्तार किया है। पुलिस सूत्रों ने रविवार को यहां बताया कि जिले के मोहनपुर थाना क्षेत्र के चपरा गांव निवासी रूदल राय ने पीएम पोर्टल पर कुछ अपशब्द लिखते हुए एक धमकी भरा मैसेज पोस्ट किया था। इस मैसेज की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक हृदयकांत ने सम्बंधित थाना को आरोपी व्यक्ति की गिरफ्तारी का आदेश दिया। सूत्रों ने बताया कि मोबाइल टावर के लोकेशन के आधार पर पुलिस ने जिले के मोहनपुर थाना के चपरा गांव में शनिवार की देर रात्रि छापेमारी की और वहां से रूदल राय को गिरफ्तार किया। पुलिस अधिकारियों की एक टीम गिरफ्तार आरोपी रुदल राय से पूछताछ में जुटी है। मामले की जांच की जा रही है।
