शेष आरोपियों की तलाश
अलवर : राजस्थान में अलवर के अरावली विहार थाना क्षेत्र में पुलिस ने मालवीय नगर और शिवाजी पार्क में हुई एटीएम की वारदात का 500 सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह आरोपी अंतर राज्य गैंग के साथ मिलकर करीब एक दर्जन वारदात कर चुका है। इसमें सभी वारदातें करना कबूल की है ।8 माह में पुलिस को इस वारदात का खुलासा करने में सफलता हासिल हुई है।
थाना प्रभारी जहीर अब्बास ने बताया कि गत 12 मार्च की रात को अज्ञात बदमाश द्वारा मालवीय नगर स्थित बैंक ऑफ इंडिया के एटीएम मशीन को तोड़कर चोरी करने का प्रयास किया गया और एटीएम के अंदर केबिन में लगे सीसीटीवी कैमरे को भी तोड़ दिया। तत्पश्चात उसी रात्रि को शिवाजी पार्क थाना क्षेत्र के कर्मचारी कॉलोनी स्थित एसबीआई बैंक के सामने लगे एसबीआई के एटीएम मशीन को अज्ञात बदमाश उखाड़ कर ले गए जिस एटीएम में करीब 25 लाख 83 हजार रुपए थे।
इस घटना में एटीएम के अंदर लगे सीसीटीवी कैमरे भी तोड़ दिए जिस पर पुलिस ने दोनों मामले दर्ज किए। इसके लिए गठित पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज देखें जिसके आधार पर अज्ञात बदमाश द्वारा की गई दोनों घटनाओं में प्रयुक्त वाहन चिन्हित किया गया। सूचना के आधार पर और सीसीटीवी कैमरे के फुटेज में एक व्यक्ति की पहचान सिर्फ राजू भाट राजस्थान के नाम से हुई जिस पर पुलिस द्वारा राजू भाट के संबंध में हरियाणा में उत्तर प्रदेश के विभिन्न थानों से जानकारी हासिल कर उसका रिकॉर्ड खंगाला गया।
राजू भाट की पहचान लाहा का बास थानागाजी,अलवर के रूप में होने पर उसकी सरगर्मी से तलाश की गई और सूचना के आधार पर उसे मुंडावर के पास बासनी गांव में डेरा डालकर परिवार सहित रहना और लहसुन का व्यापार करने की जानकारी मिली। वहां जाकर मालूम किया तो वह राजू भाट हरियाणा के महेंद्रगढ़ में अपनी रिश्तेदारी में गया बताया। पुलिस ने वहां से उसे गिरफ्तार किया है। पुलिस ने घटना के बाद करीब 500 कमरों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जिन फुटेज के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने बताया कि यह वाहन में घूम कर बिना गार्ड वाले एटीएम की रेकी करते हैं उसके बाद मौका तलाश कर रात को ही कोई लकड़ी के खोखे को तोड़कर उसमें से हथोड़ा हुए अन्य सामान निकालते हैं और अपने साथ लाए पिकअप से उस एटीएम को बांधकर खींचकर उखाड़ कर ले जाते हैं।
सीसीटीवी फुटेज में यह बात सामने आई कि जिस पिकअप का इस वारदात में उपयोग किया गया था वह अलग तरीके से बनी हुई थी और अपराध करने में ऐसी पिकअप काम आती है जो अक्सर उत्तर प्रदेश में काम आती है। अरावली विहार थाना प्रभारी ने बताया कि इस मामले में अभी छह और आरोपी हैं जिनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
