गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

हिमाचल के अटल टनल रोहतांग में हिमस्खलन

शिमला : हिमाचल प्रदेश में मनाली-लेह नेशनल हाईवे-3 पर बनी अटल टनल रोहतांग से कुछ किलोमीटर पीछे स्नो गैलरी में शुक्रवार दोपहर को हिमस्खलन हुआ। इस कारण सड़क पर बर्फ का ढेर लग गया। इससे हाईवे करीब 45 मिनट तक अवरुद्ध रहा।
सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) ने मशीनरी लगाकर हाईवे को यातायात के लिए बहाल कर दिया है। मनाली-लेह नेशनल हाईवे के साथ ही लाहौल घाटी के कई इलाकों में हिमस्खलन हो रहा है। सोलंगनाला से अटल टनल के साउथ पोर्टल तक का क्षेत्र हिमस्खलन के लिहाज से संवेदनशील माना जाता है। वीरवार दोपहर को भी सोलंगनाला के समीप ही हिमस्खलन हुआ था। इससे आधे घंटे तक हाईवे यातायात के लिए बंद रहा। शुक्रवार को हाईवे पर सोलंगनाला से कुछ किलोमीटर आगे अटल टनल से पहले स्नो गैलरी के समीप हिमस्खलन हुआ।
सूचना मिलते ही सीमा सड़क संगठन की मशीनरी तुरंत बर्फ हटाने के लिए लगाई गई। वाहन चालक खेमराज ने बताया कि हिमस्खलन के कारण हाईवे बंद रहा।
उधर, शुक्रवार शाम तक जिला लाहौल-स्पीति में 125, चंबा में छह, कुल्लू-कांगड़ा में दो-दो और किन्नौर में एक सड़क बंद है। चंबा में सात, कुल्लू में दो और किन्नौर-लाहौल-स्पीति में एक-एक बिजली ट्रांसफार्मर ठप है। लाहौल-स्पीति में छह और चंबा में तीन पेयजल योजनाएं भी प्रभावित चल रही हैं।
ऊना में अधिकतम तापमान 28.8, मंडी में 27.0, सुंदरनगर में 26.0, भुंतर में 26.5, सोलन में 26.4, हमीरपुर में 25.3, कांगड़ा में 24.9, नाहन में 24.7, चंबा में 24.4, धर्मशाला में 23.5, शिमला में 21.1, मनाली में 18.4, कल्पा में 16.8 और केलांग में 6.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने 19 से 21 फरवरी तक किन्नौर, लाहौल-स्पीति, शिमला, सोलन, सिरमौर, मंडी, कुल्लू और चंबा के कई क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई है।
हिमाचल के एसडीएम मनाली डॉ. सुरेंद्र ठाकुर ने बताया कि बर्फ हटाने के बाद हाईवे को यातायात के लिए बहाल कर दिया गया है। उन्होंने पर्यटकों और यात्रियों से अपील की है कि इस मार्ग पर सफर करते समय सावधानी बरतें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *