गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

हिमाचल के कोकसर में हिमस्खलन

शिमला : हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला समेत अनेक क्षेत्रों में बुधवार को बारिश और बर्फबारी हुई। अटल सुरंग रोहतांग के साथ धुंधी क्षेत्र में ताजा बर्फबारी होने के कारण सोलंग बैरियर से सिर्फ फोर बाई फोर वाहनों को ही सिस्सू की ओर भेजा रहा है। लाहौल में ताजा बर्फबारी के बाद हिमस्खलन हो रहा है। बुधवार को बर्फबारी और बारिश के बीच कोकसर के समीप सुंदरुचा की पहाड़ी से हिमस्खलन हुआ है, जो पहाड़ी से खिसक कर चंद्रानदी के किनारे जा पहुंचा। हादसे में किसी तरह के नुकसान की सूचना नहीं है। मनाली स्थित हिमस्खलन अध्ययन संस्थान (सासे) ने भी लाहौल में हिमस्खलन की चेतावनी जारी की है।
पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से बदले मौसम के कारण प्रदेश के, अधिकतम तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज की गई है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने प्रदेश के कई क्षेत्रों में बारिश और ओलावृष्टि का बुधबार को ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। बाइस अप्रैल तक हिमाचल प्रदेश में मौसम खराब बने रहने के आसार हैं। राजधानी शिमला में बुधवार अपराह्न बारिश होने के कारण मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू धर्मशाला नहीं जा सके। खराब मौसम की वजह से हेलिकॉप्टर उड़ान नहीं भर सका। मुख्यमंत्री को धर्मशाला में जी-20 सम्मेलन और कई अन्य कार्यक्रमों में शामिल होना था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *