श्रीनगर : जम्मू-कश्मीर के गंदेरबल जिले में गुरुवार को हुए हिमस्खलन में एक मजदूर की मौत हो गयी। आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक कश्मीर घाटी में हिमपात जारी है। इसी बीच नीलग्रथ के पास सरबल क्षेत्र में आज हिमस्खलन होने के बाद एक मजदूर का शव बरामद किया गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए नजदीकी अस्पताल में भेज दिया गया है। मृतक की शिनाख्त अभी नहीं हो पाई है।
उन्होंने बताया कि हिमस्खलन स्थल पर पुलिस, एसडीआरएफ, सेना और एमईआईएल की टीमें बचाव अभियान में तैनात हैं। इसके अलावा, एंबुलेंस और अन्य प्राथमिक चिकित्सा किट के साथ चिकित्सा दल भी मौके पर हैं। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र से बर्फ साफ होने के बाद आगे की जानकारी साझा की जाएगी।
अधिकारियों ने बताया कि इस जिले के हैंग क्षेत्र में एक और हल्के हिमस्खलन होने की सूचना मिली है, जिसमें जान-माल का कोई नुकसान नहीं हुआ है। मौसम विभाग के मुताबिक जम्मू- कश्मीर में अगले 24 घंटों के दौरान हल्की बारिश और हिमपात होने के आसार हैं। उन्होंने बताया कि 14 जनवरी से यहां का मौसम शुष्क रहने के अनुमान हैं।
कश्मीर में हिमस्खलन, 1 की मौत
