गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

जम्मू-कश्मीर के 10 जिलों के लिए हिमस्खलन की चेतावनी

श्रीनगर : जम्मू-कश्मीर आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (जेकेडीएमए) ने जम्मू-कश्मीर में बारिश और हिमपात के साथ खराब मौसम के बीच 10 जिलों के पर्वतीय इलाकों में अगले 24 घंटों के दौरान हिमस्खलन की चेतावनी जारी की है। जेकेडीएमए ने सोमवार को कहा कि अगले 24 घंटों के दौरान अनंतनाग और कुलगाम जिलों के ऊंचाई वाले इलाकों में समुद्र तल से 2500 मीटर ऊपर ‘कम खतरनाक’ स्तर का हिमस्खलन होने का अनुमान है। अगले 24 घंटों में जम्मू संभाग के डोडा, किश्तवाड़, पुंछ और रामबन जिलों और कश्मीर घाटी के बांदीपोरा और बारामूला जिलों में समुद्र तल से 2200 मीटर ऊपर ‘मध्यम खतरनाक’ स्तर का हिमस्खलन होने के आसार हैं।
इसी तरह, अगले 24 घंटों में उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा और मध्य कश्मीर के गांदरबल में समुद्र तल से 2200 मीटर ऊपर ‘उच्च खतरनाक’ स्तर वाला हिमस्खलन होने का अनुमान है। इन क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सावधानी बरतने और अगले आदेश तक हिमस्खलन संभावित क्षेत्रों में जाने से बचने की सलाह दी गयी है।
जम्मू-कश्मीर के ऊपरी इलाकों में दो दिन से ताजा हिमपात हो रहा है, जिसके कारण अधिकारियों ने सोमवार को एहतियात के तौर पर हिमस्खलन की चेतावनी जारी की। अधिकारियों ने इन जिलों में रहने वाले लोगों से आपात स्थिति में मदद के लिए 112 नंबर डायल करने को कहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *