गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

विमानन मंत्रालय ने नए जम्मू हवाई अड्डे को दी मंजूरी

जम्मू : जम्मू-कश्मीर की अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने के उद्देश्य से केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने जम्मू हवाई अड्डे पर विस्तार और नई अत्याधुनिक सुविधाओं से भरपूर बुनियादी ढांचे के लिए मंजूरी दे दी है। भारतीय हवाईअड्डा प्राधिकरण (एएआई) के आधिकारिक सूत्रों ने ‘यूनीवार्ता’ को बताया, “जम्मू में पर्यटकों की भीड़ दिन-ब-दिन बढ़ती जा रही है और जम्मू हवाईअड्डे के विस्तार की बहुत जरूरत है।”
उन्होंने कहा कि केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने जम्मू हवाई अड्डे के विस्तार के लिए रास्ता साफ कर दिया है और बेलिचराना क्षेत्र के पास 40,000 वर्ग मीटर भूमि पर आधुनिक सुविधाओं से युक्त नई इमारत का निर्माण किया जाएगा। सूत्रों ने कहा,“वर्तमान में एक समय में सात विमान पार्क किए जा सकते हैं लेकिन पहले चरण में हवाई अड्डे के विस्तार के साथ एक बार में 13 विमान पार्क किए जाएंगे और दूसरे चरण में सुविधा बढ़ाई जाएगी।”
उन्होंने कहा कि आधुनिकीकृत हवाईअड्डा यात्रियों की भीड़ को संभालने में सक्षम होगा और टर्मिनल की नई इमारत पांच सितारा रेटिंग के तहत आएगी। इमारत में 36 चेक-इन काउंटर, छह एयरोब्रिज, एप्रन, 16 सेल्फ चेक-इन कियोस्क, 11 सुरक्षा जांच लेन और 13 कोड सी-एयरक्राफ्ट की पार्किंग के लिए एक एप्रन होगा।
उन्होंने कहा,“जम्मू हवाईअड्डे पर वर्तमान में रात्रि उड़ान संचालन के लिए सभी सुविधाएं हैं और विलंबित उड़ानें रात के दौरान संचालित हो रही हैं।” उन्होंने कहा,“नया अत्याधुनिक बुनियादी ढांचा 2026 के अंत तक तैयार हो जाएगा।” उन्होंने कहा कि मौजूदा हवाई अड्डे को आगामी नागरिक हवाई अड्डे के साथ विलय नहीं किया जाएगा।

उन्होंने कहा,“आगामी सिविल हवाई अड्डे में हवाई अड्डे की पहली मंजिल पर प्रस्थान द्वार के साथ मुंबई और दिल्ली हवाई अड्डों की तर्ज पर सभी सुविधाएं होंगी।” आधिकारिक सूत्रों ने कहा,“नई सुविधाओं से औद्योगिक और पर्यटन क्षेत्रों को भी बढ़ावा मिलेगा जबकि माल के आयात और निर्यात की सुविधा के लिए कार्गो वाहक विमान भी संचालित होंगे।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *