कई स्थानों पर बारिश के साथ गिरे ओले
भोपाल : मध्यप्रदेश में मौसम के बिगड़े मिजाज के बीच कई स्थानों पर बारिश के साथ ओले गिरे, जिससे फसलों को नुकसान पहुंचा है। राजधानी भोपाल में तेज बारिश हुयी, वहीं कुछ स्थानों पर ओले भी गिरने की सूचना आयी है।
मौसम विज्ञान केन्द्र भोपाल के वैज्ञानिकों के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के प्रवाह के चलते कई सिस्टम सक्रिय हैं तथा एक ‘ट्रफ’ लाइन भी मध्यप्रदेश से गुजर रही है, जिसके चलते प्रदेश भर में बारिश हो रही है। कल रात्रि राजधानी भोपाल सहित बैतूल, हरदा, रायसेन, सीहोर सहित अन्य स्थानों पर बारिश हुयी। इसके साथ ही कुछ क्षेत्रों में ओले भी गिरे, जिसके चलते रवी की फसलों को नुकसान पहुंचा है।
पिछले चौबीस घंटों के दौरान खजुराहो में 33 मिलीमीटर (मिमी), बालाघाट के मलॉजखंड में 16़ 4 मिमी, भोपाल शहर में 10़ 4 मिमी, खंडवा में 8़ 1 मिमी, बैतूल 6़ 8 मिमी, गुना में 5़ 4 मिमी, मंडला में 5़ 2 मिमी, रतलाम में 5 मिमी, सागर में 4़ 1 मिमी, उज्जैन में 3 मिमी सहित नर्मदापुरम, सिवनी, रायसेन, दमोह, इंदौर, जबलपुर और राजगढ़ जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हुयी।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अगले चौबीस घंटों के दौरान भी प्रदेश में बारिश की संभावना जतायी जा रही है तथा कुछ स्थानों पर ओले गिरने की भी आशंका है। प्रदेश में अगले दो दिनों तक इसी तरह के मौसम के बने रहने की संभावना जतायी जा रही है। इसके बाद मौसम साफ हो सकता है।
राजधानी भोपाल तथा उसके आसपास के क्षेत्रों में कल दिन भर बादल छाए रहे। रात में तेज गड़गड़ाहट के साथ बारिश हुयी। इस बीच कुछ स्थानों में छोटे आकार के ओले भी गिरने की सूचना है। भोपाल में अगले चौबीस घंटों के दौरान भी इसी तरह के मौसम के बने रहने के अनुमान है।
