गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

बागपत : स्कूल में फायरिंग, छात्राओं समेत 4 घायल

बागपत: उत्तर प्रदेश के बागपत में एक स्कूल के बाहर शुक्रवार को कुछ बदमाशों की गोलीबारी में चार लोग घायल हो गये। पुलिस ने गोली चलाने वाले चार बदमाशों को मुठभेड़ के बाद पकड़ लिया। बागपत के अपर पुलिस अधीक्षक मनीष मिश्र ने बताया कि शुक्रवार को कोतवाली बागपत को सूचना प्राप्त हुई कि जंगल गांव सिसाना में कुछ अज्ञात बदमाशों द्वारा फायरिंग की गयी है। इसमे अमित चौहान पुत्र कर्मसिंह व सुनील चौहान पुत्र ब्रहमपाल सिंह निवासीगण गांव सिसाना घायल हो गये हैं। इस सूचना पर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक पुलिस बल के साथ जंगल गांव, सिसाना स्थित गेटवे स्कूल पहुंचे। स्कूल के बाहर गोलीबारी कर रहे बदमाशों की घेराबन्दी की गयी। इस पर बदमाश पैदल ही जंगल के रास्ते से भागकर एक भट्टे की ओट से पुलिस पर गोली चलाने लगे।
बदमाशो को पकड़ने का प्रयास किया गया तो दो बदमाशों ने फायरिंग की व दो बदमाशो द्वारा पुलिस पर ईट पत्थरों से हमला किया गया। जिसमे आरक्षी अखिलेश व आरक्षी हरिओम को चोटें आयी है। उन्होंने बताया कि पुलिस द्वारा आत्मरक्षार्थ की गयी जवाबी फायरिंग में अभियुक्त अर्जुन निवासी सरूरपुर, शाहरुख निवासी गौरीपुर गोली लगने से घायल हो गये। जिन्हें प्राथमिक उपचार हेतु जिला अस्पताल बागपत भिजवा दिया गया है।
उन्होंने बताया कि पकड़े गये बदमाशों के पास से अवैध तमंचे और कारतूस बरामद किये गये। इनके दो अन्य साथी दीपक, निवासी बडौत व तनुज शर्मा निवासी गांव टयोढ़ी को भी मौके से गिरफ्तार किया गया है। उपरोक्त बदमाशो की गिरफ्तारी व बरामदगी के सम्बन्ध में थाना कोतवाली बागपत पर अभियोग पंजीकृत कर आवश्यक विधिक कार्यवाही की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *