बहराइच : उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले के फखरपुर थाना क्षेत्र के कुंडासर गांव निवासी एक किशोर की बैरी सालपुर गांव जाने के दौरान रास्ते में पानी के तेज बहाव में डूबने से मौत हो गयी है। पुलिस सूत्रों ने रविवार को बताया कि फखरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम कुंडासर निवासी मुकेश यादव (17) पुत्र मंगल यादव शनिवार शाम को सात बजे बैरी सालपुर गांव के लिए घर से निकला था। देर रात तक किशोर घर नहीं लौटा तो उसकी तलाश शुरू हुई।
जिस पर पिता मंगल अन्य परिवार के लोगों के साथ तलाश करने लगा। थाना क्षेत्र के रुकनापुर खुर्द ग्राम पंचायत में स्थित गांधी घाट में मुकेश का शव मिला, जहां पानी अधिक मात्रा में बह रहा था। मृतक के पिता मंगल यादव ने 10 बजे थाने पहुंचकर सूचना दी। साथ ही तेज पानी के बहाव में डूबकर मौत की आशंका जताई। पुलिस ने बताया कि किशोर की मौत पानी में डूबने से हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
