गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

मोदी और अन्य वीआईपी के कार्यक्रम के दौरान ड्रोन उड़ाने पर लगा प्रतिबंध

भुवनेश्वर : ओडिशा सरकार ने राज्य में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अन्य अति महत्वपूर्ण व्यक्तियों (वीवीआईपी) की यात्रा के दौरान ड्रोन के उपयोग को प्रतिबंधित कर दिया है और वे लोग जिन समारोह स्थलों पर लोगों को संबोधित करेंगे, उन्हें ‘नो ड्रोन जोन और नो फ्लाइंग जोन’ घोषित कर दिया है।
राज्य में वीवीआईपी की पिछली यात्रा के दौरान कुछ मीडियाकर्मियों को सार्वजनिक बैठकों, रैलियों, रोड शो के दौरान वीवीआईपी के दृश्य लेने के लिए ड्रोन का उपयोग करते हुए देखा गया था, जो वीवीआईपी के लिए खतरा पैदा कर रहे थे। इसी वजह से राज्य सरकार ने संबोधन स्थलों को ‘नो ड्रोन जोन और नो फ्लाइंग जोन’ घोषित करने का निर्णय लिया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ओडिशा में अपनी पहली चुनावी सभा के दौरान गत छह मई को बेरहामपुर और नबरंगपुर में पार्टी के विजय संकल्प समावेश को संबोधित किया था। इन दोनों संसदीय सीटों पर कालाहांडी और कोरापुट लोकसभा सीटों तथा 28 विधानसभा सीटों के साथ अगले 13 मई को मतदान होना है।
ओडिशा के सतर्कता निदेशक ने संबंधित जिलों के जिलाधिकारियों से कहा है कि वे सुरक्षा उपायों के तहत वीवीआईपी संबोधन स्थलों को’नो ड्रोन जोन/नो फ्लाइंग जोन’’ घोषित करें और सभी स्थानों पर उचित प्रदर्शन/साइन बोर्ड लगवाएं।
आदेश में कहा गया है कि वीवीआईपी के आसपास मीडियाकर्मियों, आयोजकों और इवेंट मैनेजमेंट टीमों द्वारा ड्रोन उड़ाये जाने पर सख्ती से रोक लगायी जानी चाहिए। मोदी की आगामी 10 मई को दोबारा ओडिशा यात्रा को देखते हुए राज्य सरकार का यह फैसला काफी मायने रखता है।
प्रधानमंत्री राज्य के दो दिवसीय दौरे पर 10 मई को यहां पहुंचेंगे। यात्रा के दौरान उनका 10 मई को भुवनेश्वर में एक रोड शो में भाग लेने का कार्यक्रम है। वह अगले दिन 11 मई को कंधमाल, बारागढ़ और बलांगिर में सार्वजनिक बैठकों को संबोधित करेंगे।
सतर्कता निदेशक ने भुवनेश्वर के पुलिस उपायुक्त तथा कंधमाल बारागढ़ और बलांगिर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को वीवीआईपी के कार्यक्रमों के दौरान उनके आसपास ड्रोन की उड़ान को प्रतिबंधित करने और निर्देश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए कहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *