कुख्यात हत्यारोपी पर 20 हजार का इनाम घोषित
बांदा : उत्तर प्रदेश की बांदा जिले की नगर कोतवाली क्षेत्र में हुई हत्या के एक कथित कुख्यात आरोपी की गिरफ्तारी हेतु शनिवार को 20 हजार का इनाम घोषित किया गया। पुलिस क्षेत्राधिकारी नगर गवेन्द्र पाल गौतम ने पत्रकारों को बताया कि बांदा नगर की केन नदी राजघाट के तट पर निषाद बिरादरी के लोग प्रतिवर्ष सब्जी लगाने का कार्य करते हैं। जहां सब्जी लगाने की जगह को लेकर शुक्रवार को दो पक्षों में विवाद हुआ। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्ष एक दूसरे पर लाठी , डंडे और कुल्हाड़ी लेकर आक्रामक हो गए।
द्विपक्षीय संघर्ष में एक पक्ष की ओर से 48 वर्षीय किसान चुनुबाद गंभीर रूप से घायल हो गया, जब कि दूसरे पक्ष से तीन व्यक्ति घायल हुए, जिन्हें तत्काल जिला अस्पताल भेजा गया। जिला अस्पताल में चुनुबाद की अत्यधिक खराब स्थिति को देखते हुए उसे तत्काल कानपुर के लिए रेफर गया। जहां इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। घटना का मुकदमा दोनों पक्षों द्वारा नामजद कराया गया।
सूचना पर शनिवार को पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। सीओ सिटी ने बताया कि ग्योंड़ी बाबा गांव निवासी पप्पू विधायक नामक कुख्यात प्राथमिकी में नामजद हत्यारोपी की गिरफ्तारी हेतु अथवा सूचना देने वाले व्यक्ति को 20 हजार का नगद पुरस्कार दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि सभी हत्यारोपियों की गिरफ्तारी हेतु आज पुलिस की कई टीम का गठन किया गया और ठिकानों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास शुरू किए गए।
