गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

बैंगलोर ने मुंबई को दिया 156 रन का लक्ष्य

मुंबई : मुंबई इंडियन्स की कसी हुई गेंदबाजी और बल्लेबाजों के खराब शॉट चयन के कारण रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर विमेंस प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) के मुकाबले में सोमवार को 155 रन पर ऑलआउट हो गयी। मुंबई को दो मैचों में दूसरी जीत दर्ज करने के लिये 156 रन की दरकार है। बैंगलोर के कई बल्लेबाजों ने विकेट पर कदम जमाये लेकिन कोई भी इसे बड़ी पारी में नहीं बदल सका। ऋचा घोष ने 26 गेंद पर तीन चौकों और एक छक्के के साथ बैंगलोर के लिये सर्वाधिक 28 रन बनाये।

बैंगलोर ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी करते हुए तेज शुरुआत की मगर साइका इशाक ने सलामी बल्लेबाज सोफी डिवाइन को आउट करके विकेटों की झड़ी लगा दी। डिवाइन ने 11 गेंद पर दो चौकों और एक छक्के के साथ 16 रन बनाये। साइका ने एक गेंद बाद दिशा कसाट का शिकार किया जबकि स्मृति मंधाना (17 गेंद, पांच चौके, 23 रन) और हीथर नाइट अगले ओवर में हेली मैथ्यूज़ का शिकार हो गयीं।

चार रन के अंतराल में चार विकेट गिरने के बाद ऋचा ने पारी को संभाला। उन्होंने एलिसे पेरी (सात गेंद, 13 रन) के साथ पांचवें विकेट के लिये 28 रन जोड़े। पेरी एक चौका और एक छक्का लगाकर अपने रंग में आ रही थीं लेकिन रनआउट होकर पवेलियन लौट गयीं।

ऋचा के अलावा श्रेयांका पटेल ने भी बैंगलोर को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। श्रेयंका जब बल्लेबाजी करने आयीं तब बैंगलोर 110 रन पर कनिका आहूजा (13 गेंद, तीन छक्के, एक चौका, 22 रन) के रूप में अपना छठा विकेट गंवा चुका था। कुछ देर बाद ऋचा भी मैथ्यूज़ का शिकार हो गयीं।

श्रेयंका ने इसके बाद मेगन शूट के साथ मिलकर आठवें विकेट के लिये 34 रन जोड़े। श्रेयंका ने 15 गेंद पर चार चौकों की मदद से 23 रन बनाये। उनका विकेट गिरने के बाद बैंगलोर अपने स्कोर में सिर्फ नौ रन जोड़ सका। शूट 14 गेंद पर तीन चौकों की बदौलत 20 रन बनाकर बैंगलोर के आखिरी बल्लेबाज के रूप में आउट हुईं।

मैथ्यूज़ ने मुंबई के लिये सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए चार ओवर में 28 रन देकर तीन विकेट लिये। साइका और अमेलिया केर ने दो-दो विकेट लिये जबकि नैटली सिवर-ब्रंट और पूजा वस्त्राकर को एक-एक सफलता हासिल हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *