गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

आईसीसी चेयरमैन के पद पर बार्कले दोबारा नियुक्त

मेलबर्न/दुबई : न्यूजीलैंड के ग्रेग बार्कले शनिवार को एक बार फिर निर्विरोध अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) के चेयरमैन चुने गए। मेलबर्न में हुई आईसीसी बैठक में बार्कले के एकमात्र प्रतिद्वंदी, ज़िम्बाब्वे क्रिकेट (ज़ेडसी) के अध्यक्ष तवेंगवा मुखुलानी ने चुनाव से अपना नाम वापस ले लिया। न्यूज़ीलैंड क्रिकेट (एनज़ेडसी) के पूर्व अध्यक्ष बार्कले अब दो और वर्षों के लिये आईसीसी चेयरमैन का पद संभालेंगे।
बार्कले को चुनाव के दिन 17-सदस्यीय बोर्ड में करीब 12 निदेशकों का समर्थन प्राप्त था, जिसमें भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) का समर्थन भी शामिल था। बीसीसीआई का प्रतिनिधित्व सचिव जय शाह कर रहे हैं। मुखुलानी ने बार्कले को पुन: अध्यक्ष बनने पर बधाई देते हुए कहा, “ मैं ग्रेग को आईसीसी अध्यक्ष के रूप में फिर से नियुक्ति पर बधाई देना चाहता हूं। उनका नेतृत्व जो निरंतरता प्रदान करेगा वह खेल के सर्वोत्तम हित में है, इसलिए मैंने अपनी उम्मीदवारी वापस लेने का फैसला किया। ”
बार्कले ने आईसीसी के साथी निदेशकों को उनके समर्थन के लिए धन्यवाद देते हुए कहा,“ पिछले दो वर्षों में हमने अपनी वैश्विक विकास रणनीति के लॉन्च के साथ महत्वपूर्ण प्रगति की है जो हमारे खेल के लिए एक सफल और टिकाऊ भविष्य बनाने के लिए स्पष्ट दिशा प्रदान करती है। यह क्रिकेट में शामिल होने का एक रोमांचक समय है।

मैं हमारे मुख्य बाजारों में खेल को मजबूत करने के साथ-साथ इससे आगे बढ़ने के लिए हमारे सदस्यों के साथ मिलकर काम करना जारी रखने के लिये तत्पर हूं। ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि दुनिया में ज्यादा से ज्यादा लोग क्रिकेट का आनंद ले सकें।” बार्कले ऑकलैंड स्थित एक व्यावसायिक वकील हैं जो नवंबर 2020 में आईसीसी अध्यक्ष के रूप में नियुक्त किया गया था। वह इससे पहले एनजेडसी के अध्यक्ष और आईसीसी पुरुष क्रिकेट विश्व कप 2015 के निदेशक रह चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *