भोपाल : विष्णुदत्त शर्मा ने पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की शहडोल जिले के ब्यौहारी की जनसभा को लेकर आज कांग्रेस पर हमला किया और कहा कि कांग्रेस के खून में अंग्रेजों के जींस आज भी जीवित हैं और विभाजन उसका मूल चरित्र है। शर्मा ने यहां स्थित भाजपा के मीडिया सेंटर में पत्रकाराें से चर्चा के दौरान यह बात कही। उन्होंने कहा कि जो राहुल गांधी विदेशों में जाकर भारतमाता का अपमान करते हैं, वो आज शहडोल की सभा में हमारी जनजातीय भाइयों, वनवासियों, आदिवासी भाइयों को अलग बता रहे हैं।
वो कहते हैं, ये इस जमीन पर पैदा नहीं हुए, बाहर से आए हैं। शर्मा ने कहा कि गांधी की यह सोच बताती है कि कांग्रेस के खून में अंग्रेजों के जींस आज भी जीवित हैं, इसीलिए कांग्रेस आज भी फूट डालो, राज करो की नीति पर चल रही है। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि गांधी ने शहडोल की नुक्कड़ सभा में किसी जनजातीय क्रांतिवीर का जिक्र करना उचित नहीं समझा, जिसने देश की आजादी के लिए अपने प्राणों की आहुति दे दी हो। उन्होंने आदिवासी भाइयों के उत्थान की कोई बात नहीं की, बस विभेद पैदा करने की कोशिश में लगे रहे। हमारे जनजातीय बंधुओं में विभाजन कैसे हो, इस प्रयास में लगे रहे और यही कांग्रेस का मूल चरित्र है।
शर्मा ने कहा कि हमारे आदिवासी भाइयों की बात करते समय गांधी को यह याद रखना चाहिए कि देश में अलग जनजातीय मंत्रालय बनाने का काम स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार ने किया था। वहीं, आदिवासी भाइयों को अधिकार संपन्न और खुशहाल बनाने के लिए पेसा एक्ट लागू करने का काम मोदी के नेतृत्व में शिवराज सिंह चौहान की सरकार ने किया है। उन्होंने कहा कि गांधी यह भूल गए कि मुर्मू ने उसी शहडोल से पेसा एक्ट को लागू किया था, जहां पर वो आदिवासी भाइयों में भेद पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले चुनाव में प्रदेश की जनता और हमारे आदिवासी भाई कांग्रेस को कड़ा जवाब देंगे और उसके खून में मौजूद इस जींस को समाप्त कर देंगे।
