मुंबई। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के सचिव जय शाह ने अंडर-19 महिला टी20 विश्व कप जीतने वाली भारतीय टीम के खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ के लिये पांच करोड़ रुपये के इनाम की घोषणा की है। शाह ने भारत की इस ऐतिहासिक जीत के बाद ट्वीट किया, भारत में महिला क्रिकेट उफान पर है और विश्व कप की जीत ने महिला क्रिकेट का कद कई पायदान ऊंचा कर दिया है। पुरस्कार राशि के रूप में पूरी टीम और सपोर्ट स्टाफ के लिए पांच करोड़ रुपये की घोषणा करते हुए मुझे खुशी हो रही है। यह निश्चित रूप से एक पथ-प्रदर्शक वर्ष है। गौरतलब है कि भारत ने पहले अंडर-19 महिला टी20 विश्व कप के फाइनल में इंग्लैंड पर सात विकेट की दमदार जीत दर्ज की। शाह ने टीम को इस जीत के लिये बधाई देते हुए बड़े मंच पर दबाव में न आने के लिये खिलाड़ियों की तारीफ की। उन्होंने एक अन्य ट्वीट में खिलाड़ियों को भारत और न्यूजीलैंड के बीच होने वाला तीसरा टी20 मैच देखने के लिये अहमदाबाद आमंत्रित किया। शाह ने कहा, मैं शेफाली वर्मा और उनकी विजयी टीम को नरेंद्र मोदी स्टेडियम, अहमदाबाद में हमसे मिलने और एक फरवरी को तीसरा टी20 देखने के लिये आमंत्रित करता हूं। यह विनम्र उपलब्धि निश्चित रूप से एक उत्सव की हकदार है।
