चंडीगढ़ : पंजाब के ग्रामीण विकास एवं पंचायत मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर के निर्देशों के बाद विभाग ने सरकारी फंडों का गबन करने के आरोप में खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी (बीडीपीओ) खन्ना कुलविंदर सिंह रंधावा की सेवाओं को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
श्री भुल्लर ने शनिवार को बताया कि बीडीपीओ कुलविंदर सिंह रंधावा के खिलाफ शिकायतें मिली थीं। इसके बाद, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी (डीडीपीओ), लुधियाना को गहन जांच करने का काम सौंपा गया। डीडीपीओ लुधियाना से प्राप्त रिपोर्ट में पंचायत समिति खन्ना के धन के दुरुपयोग और उचित मंजूरी के बिना और अनधिकृत खाते खोलकर 58.25 लाख रुपये का अनुचित भुगतान करने का खुलासा हुआ। उन्होंने बताया कि इन आरोपों के आधार पर बीडीपीओ खन्ना कुलविंदर सिंह रंधावा की सेवाएं निलंबित कर दी गई हैं।
निलंबन अवधि के दौरान कर्मचारी का मुख्यालय जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी, एसएएस नगर का कार्यालय होगा। आदेश में लिखा है कि निलंबित कर्मचारी को पंजाब सिविल सेवा नियमों के नियम 7.2 के तहत नियम और शर्तों के अनुसार निर्वाह भत्ता दिया जाएगा।
भ्रष्टाचार मुक्त और पारदर्शी शासन सुनिश्चित करने के लिए सरकार की प्रतिबद्धता की पुष्टि करते हुए, श्री भुल्लर ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली सरकार किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनुशासनहीनता या भ्रष्टाचार को बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि ऐसे मामले सामने आने पर तुरंत और कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
सरकारी फंड गबन के आरोप में बीडीपीओ निलंबित
