गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

ममता के नेतृत्व में बंगाल पूरी तरह अराजक राज्य

कूचबिहार : रविशंकर प्रसाद ने शुक्रवार को पश्चिम बंगाल की स्थिति को ‘पूरी तरह से अराजकता’ की स्थिति बताया, जहां केवल मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और उनकी पार्टी का शासन कायम है। राज्य के पंचायत चुनाव हिंसा प्रभावित क्षेत्र का दौरा कर रही पांच सदस्यीय भाजपा तथ्य-खोज टीम के संयोजक श्री प्रसाद उत्तरी बंगाल जिले कूचबिहार में हिंसा प्रभावित परिवारों के सदस्यों से मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत कर रहे थे।
उन्होंने कहा,“(राज्य में) पूरी तरह से अराजकता है, जहां केवल ममता जी और उनकी पार्टी की हुकूमत चलती है।” प्रसाद ने कहा कि उन्होंने दो घायल भाजपा कार्यकर्ताओं से मुलाकात की, जिन्हें बुरी तरह पीटा गया था और उनके परिवार के सदस्यों को भी धमकाया तथा प्रताड़ित किया जा रहा है। उन्होंने कहा, “दुर्भाग्यपूर्ण बात यह है कि परिवार के दो सदस्य अस्पताल के आईसीयू में भर्ती हैं और अन्य सदस्यों को धमकी दी जा रही है।” उन्होंने कहा कि टीम ने उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जिला पुलिस अधीक्षक से बात की।
बुधवार को राज्य पहुंची भाजपा टीम ने पहले उत्तर 24 परगना और दक्षिण 24 परगना जिलों का दौरा किया। पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा कि उन्होंने कई हिंसा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया और ‘कुछ चीजों पर गौर किया’। उन्होंने कहा, “हम कुछ उम्मीदवारों के घर के अंदर गए, जिन पर हमला किया गया था। हम एक 13 वर्षीय लड़के से मिले, जिसे गहरी चोट लगी थी। महिलाएं डर में जी रही हैं और सीसीटीवी कैमरे क्षतिग्रस्त हो गए हैं।”
गोली लगने से घायल हुए कुछ भाजपा कार्यकर्ता भी मीडिया मीट में मौजूद थे। श्री प्रसाद ने पत्रकारों से यह उजागर करने का आग्रह किया कि राज्य को ममता बनर्जी सरकार कैसे चला रही है। तथ्यान्वेषी टीम अपनी रिपोर्ट भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रसाद नड्डा को सौंपेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *