नामखाना (पश्चिम बंगाल) : पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले के नामखाना थाने के समीप एक तालाब से गुरुवार को 2021 में राष्ट्रपति पदक से सम्मानित एक पुलिसकर्मी का शव बरामद किया गया। पुलिस और स्थानीय सूत्रों के अनुसार आज सुबह तालाब में स्नान करने गए कुछ लोगों ने तालाब में एक शव को तैरते हुए देखा और पुलिस को सूचित किया। सूचना के आधार पर पुलिस वहां पहुंची और उनके शव को बाहर निकाला एवं स्थानीय अस्पताल में भेजा, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक पुलिसकर्मी की पहचान नामखाना पुलिस स्टेशन के कांस्टेबल कृष्णपद सरदार (52) के रूप में की गई है। वह सोनारपुर निवासी थे और कृष्णपाडा नामखाना थाने की बैरक में रहते थे। पुलिस ने उसकी मौत के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है और उनके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। गौरतलब है कि मृतक पुलिसकर्मी उनके काम के लिए 2021 में राष्ट्रपति पदक प्राप्त हुआ था।
