गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

आरएसएस की बैठक का भागवत और होसबाले ने किया शुभारंभ

प्रयागराज : उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के अखिल भारतीय कार्यकारी मण्डल की चार दिवसीय बैठक रविवार को प्रारंभ हुई। यहाँ स्थित गौहनिया में शुरू हुई बैठक का शुभारंभ सरसंघचालक डॉ मोहन राव भागवत और सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने किया। भारत माता के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्होंने बैठक की कार्यवाही विधिवत प्रारंभ की।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बैठक प्रारंभ होने पर हाल ही में दिवंगत हुए समाजवादी नेता मुलायम सिंह यादव सहित अन्य दिवंगत आत्माओं को श्रद्धाजंलि अर्पित की गई। आरएसएस के अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख ने बताया कि बैठक में अखिल भारतीय कार्यकारिणी, सभी ग्यारह क्षेत्रों एवं 45 प्रांतों के संघचालक, कार्यवाह और प्रचारक हिस्सा ले रहे हैं। उन्होंने बताया कि बैठक में 377 पदाधिकारियों को बुलाया गया है। इनमें से अधिकांश पदाधिकारी बैठक में उपस्थित हैं।

सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने बैठक में आए हुए सभी प्रतिनिधियों का स्वागत किया। इसके बाद पिछले दिनों दिवंगत हुए प्रमुख व्यक्तियों, समाजवादी नेता मुलायम सिंह यादव, द्वारका पीठ के शंकराचार्य स्वामी स्वरूपानंद, पंचपीठाधीश्वर आचार्य धर्मेंद्र, पूर्व प्रधान न्यायाधीश आर. सी. लाहोटी, हास्य कलाकार राजू श्रीवास्तव, उद्योगपति सायरस पी. मिस्री, और पुरातत्वविद बी. बी. लाल को श्रद्धांजलि दी गई।
बैठक में संघ शताब्दी की दृष्टि से कार्यविस्तार के लिए बनी योजना की समीक्षा के अलावा प्रवास की योजना, समसामयिक विषयों पर चर्चा होगी। इसके अतिरिक्त सरसंघचालक के विजयादशमी उद्बोधन में आए विषयों – जनसंख्या असंतुलन, मातृभाषा में शिक्षा, सामाजिक समरसता, महिला सहभाग आदि विषयों पर चर्चा होगी। पर्यावरण, कुटुम्ब प्रबोधन में चल रहे प्रयासों के बारे में भी जानकारी ली जाएगी। बैठक 19 अक्टूबर टाल चलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *