रायपुर : छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज यहां देश के प्रथम प्रधानमंत्री भारत रत्न पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती के अवसर पर उनके विचारों, व्यक्तित्व और कृतित्व पर ’नेहरू का भारत डॉट कॉम वेबसाईट का लोकार्पण किया।
पंडित नेहरू के विचारों और उनके ’आइडिया ऑफ इंडिया’ से आम जनता को परिचित कराने और जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से ’पॉलिसी एनालिसिस, रिसर्च एंड नॉलेज फाउंडेशन’ (पार्क फाउंडेशन) द्वारा यह वेबसाइट तैयार कराई गई है, इसके अंतर्गत डिजिटल पाक्षिक बुलेटिन भी प्रारंभ किया जा रहा है। इस अवसर पर खैरागढ़ विधायक यशोदा वर्मा, पार्क फाउण्डेशन के अध्यक्ष उमा प्रकाश ओझा, सचिव जीवेश चौबे, डॉ.राकेश गुप्ता,गौतम बंधोपाध्याय, पवन चन्द्राकर और हरजीत जुनेजा भी उपस्थित थे।
श्री बघेल ने पंडित जवाहर लाल नेहरू के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के पार्क फाउण्डेशन के प्रयासों की सराहना करते हुए फाउण्डेशन के पदाधिकारियों को बधाई और शुभकामनाएं दी।इस वेबसाईट में पंडित नेहरू, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और स्वतंत्रता संग्राम पर सत्य और तथ्यात्मक जानकारियां उपलब्ध होंगी। इस वेबसाईट का उद्देश्य आम जनता तक सत्य और तथ्यात्मक जानकारी उपलब्ध कराकर समाज के सभी वर्गों के मध्य प्रेम, सौहार्द्र, समरसता, भाईचारा और आपसी विश्वास कायम करना है।
वेबसाईट में पंडित नेहरू का “आइडिया ऑफ इंडिया” जिसमें उनकी वैश्विक समझ, विश्व बन्धुत्व, मानवतावादी दृष्टि, वैज्ञानिक दृष्टिकोण और धर्मनिरपेक्ष सोच के साथ साथ समावेशी विचारधारा, उनके प्रगतिशील विचार समाहित हैं। इस वेबसाइट का उद्देश्य पंडित नेहरू, देश के स्वतंत्रता सेनानियों और स्वतंत्रता संग्राम की सत्य एवं तथ्यात्मक जानकारियों से आमजन को अवगत कराना, समाज में प्रेम, सौहार्द्र, सामाजिक समरसता और आपसी विश्वास कायम करना और पंडित नेहरू के ’आइडिया ऑफ इंडिया’ और संविधानवाद का संरक्षण करना है।
भूपेश ने ’नेहरू का भारत डॉटकॉम’ वेबसाईट किया लोकार्पण
