गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

करिश्मायी धोनी के लिये जन्मदिन बधाईयों का तांता

नई दिल्ली : भारत के करिश्मायी पूर्व कप्तान महेन्द्र सिंह धोनी को उनके 42वें जन्मदिन पर शुक्रवार को दुनिया भर से बधाई संदेश मिल रहे हैं। पूर्व कप्तान सचिन तेंदुलकर ने प्रेषित बधाई संदेश में कहा “आप हमेशा अपने हेलीकॉप्टर शॉट्स की तरह ऊंची उड़ान भरें। जन्मदिन की शुभकामनाएं, एमएस (धोनी)।”
सहवाग ने लिखा, “ सूर्यदेव के दिव्य रथ को खींचने के लिए सात घोड़े हैं। ऋग्वेद में विश्व के सात भाग है, सात ऋतुएं है, संगीत में सात बुनियादी धुन है, शादी में सात फेरे होते है और विश्व में सात अजूबे है। साल के सातवें महीने के सातवीं तारीख को एक शानदार इंसान महेन्द्र सिंह धोनी का जन्मदिन है।”
पूर्व स्पिनर हरभजन सिंह ने ट्वीट किया, “ जन्मदिन की शुभकामनाएं ‘बाहुबली’। आप प्रेरणा देते रहें… आपका दिन मंगलमय हो।” लंदन ओलंपिक के कांस्य पदक विजेता पहलवान योगेश्वर दत्त ने लिखा, “ भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और एक बेहतरीन व्यक्तित्व के धनी, भाई महेंद्र सिंह धोनी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं।”
रवींद्र जडेजा ने लिखा “ 2009 से लेकर आज तक और हमेशा के लिए मेरे ‘ गो टू मैन’। माही भाई आपको जन्मदिन की बहुत-बहुत शुभकामनाएं।” जडेजा चेन्नई सुपर किंग्स के लिये धोनी के साथ खेलते हैं। भारतीय महिला टीम की पूर्व तेज गेंदबाज झूलन गोस्वामी ने कहा “ जन्मदिन मुबारक हो ‘कैप्टन कूल’। जिस तरह से आप मैदान पर और मैदान के बाहर सभी को प्रेरित करते हैं वह वास्तव में उल्लेखनीय है। आपका व्यक्तित्व हम सभी को प्रेरित करता रहेगा।” चेतेश्वर पुजारा ने लिखा, “ जन्मदिन मुबारक हो एमएस धोनी। मैं आपके लिए एक अद्भुत वर्ष की कामना करता हूं। आपको ढेर सारा प्यार और हार्दिक शुभकामनाएं।”
रांची में जन्में धोनी ने 2005 में श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट पदार्पण किया था। उन्होंने इस प्रारूप में अपना आखिरी मैच दिसंबर 2014 में खेला था। धोनी के नेतृत्व में भारतीय टीम ने 2007 में टी20 विश्व कप, 2011 में घरेलू मैदान पर एकदिवसीय विश्व कप और 2013 चैंपियंस ट्रॉफी में खिताबी जीत हासिल की। धोनी इकलौते कप्तान हैं जिन्होंने अपने समय में खेले गए प्रत्येक आईसीसी ट्रॉफी में देश को खिताबी जीत दिलाई। उनकी कप्तानी में हाल ही में चेन्नई सुपर किंग्स को आईपीएल का पांचवां खिताब जीता।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *