भुवनेश्वर : ओडिशा में सत्तारूढ़ बीजू जनता दल (बीजद) ने आम लोगों को महंगाई से बचाने के लिए रसोई गैस सिलिंडर की कीमत में कमी करने की मांग की है। बीजद विधायक सौम्य रंजन पटनायक और प्रवक्ता श्रीमयी मिश्रा ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि केंद्र सरकार को रसोई गैस की कीमत तत्काल घटानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि बीजद ओडिशा के लोगों और विशेष रूप से माताओं और बहनों के साथ खड़ा है, जिन्हें इन बढ़ती कीमतों के साथ रसोई का खर्च चलाने में कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है।
प्रवक्ता ने कहा, “हमें उम्मीद है कि केंद्र इस संबंध में तत्काल कदम उठाएगा और यह सुनिश्चित करेगा कि इस मुश्किल समय में राज्य के आम आदमी पर प्रतिकूल प्रभाव न पड़े।”
बीजद नेताओं ने राज्य के भाजपा नेताओं से अपनी चुप्पी तोड़ने और ओडिशा के 4.5 करोड़ लोगों के जीवन को प्रभावित करने वाले ऐसे मुद्दों पर बोलने का आग्रह किया। उन्होंने कहा, “इस मुद्दे पर भाजपा नेताओं की चुप्पी ने ‘हमें’ हैरान कर दिया है।”
बीजद नेताओं ने कहा, “केंद्र उज्ज्वला योजना लाया ताकि सब्सिडी वाले सिलिंडर इस इरादे से उपलब्ध कराए जा सकें, जिससे ओडिशा और देश भर की महिलाओं की आंखों में जलावन के धुएं के कारण आंसू नहीं आएं, लेकिन उसके द्वारा रसोई गैस की कीमतों में तेजी से वृद्धि ने न केवल ओडिशा की माताओं और बहनों की आंखों में, बल्कि उन परिवारों की भी आंखों में आंसू ला दिए हैं, जिनकी आंखों में पहले से ही आंसू हैं।”
उन्होंने कहा कि मार्च 2014 में एक सिलिंडर की कीमत 410 रुपये थी, जो एक मार्च 2023 को बढ़कर 1,103 रुपये हो गई है। एक तरफ, केंद्र सरकार रसोई गैस सस्ती करने की बात कर रही है, वहीं दूसरी ओर रसोई गैस की कीमतों में लगातार वृद्धि कर रहे हैं।
बीजद नेताओं ने कहा कि रसोई गैस की कीमत में भारी बढ़ोतरी के कारण ओडिशा की लाखों माताएं और बहनें गैस सिलिंडर खरीदने में असमर्थ हैं और फिर से जलावन का उपयोग करने के लिए मजबूर हैं।
बीजद ने की रसोई गैस की कीमतें कम करने की मांग
