गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

रसोई गैस की कीमतों में वृद्धि के विरोध बीजद ने किया विरोध प्रदर्शन

भुवनेश्वर : ओड़िशा में सत्तारूढ़ बीजू जनता दल (बीजद) की महिला शाखा बीजू महिला जनता दल की कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को रसोई गैस की कीमतों में वृद्धि के खिलाफ राजभवन के समीप विरोध प्रदर्शन किया। बीजू महिला जनता दल की सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने तख्तियां और बैनर लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और रसोई गैस की कीमतों में बढ़ोतरी के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराने के लिए विरोध स्थल पर मिट्टी के छोले का इस्तेमाल किया।
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि रसोई गैस की कीमतों में वृद्धि का असर गरीब और आम लोगों पर पड़ा है। प्रदर्शन स्थल पर मौजूद बीजद के वरिष्ठ नेता सौम्य रंजन पटनायक ने कहा कि एलपीजी गैस सिलेंडरों की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी ने गरीब लोगों को प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत कवर करना मुश्किल बना दिया है।
उन्होंने कहा कि रसोई गैस की कीमतों में भारी बढ़ोतरी के कारण ओडिशा के लाखों लोग गैस सिलेंडर को फिर से भराने में असमर्थ हैं और अब लकड़ी का उपयोग करने के लिए मजबूर हैं।
बीजद प्रवक्ता श्रीमयी मिश्रा ने कहा कि केंद्र सरकार ने ओडिशा के लोगों को धोखा दिया है। केंद्र ने पहले गरीबों के लिए मुफ्त चावल का प्रावधान बंद कर दिया था और अब उसने घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत में 50 रुपये की बढ़ोतरी कर दी।
प्रदर्शन पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रवक्ता सोनाली साहू ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि बीजद नेता बिगड़ती कानून व्यवस्था और स्वास्थ्य मंत्री नबा किशोर दास हत्याकांड के साजिशकर्ताओं पर पर्दा डालने के लिए नाटक कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि एलपीजी गैस जैसे उत्पादों की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार द्वारा निर्धारित की जाती है, न कि मोदी सरकार द्वारा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *