गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

भाजपा ने हमेशा किया आरक्षण का समर्थन

सुलतानपुर : मेनका गांधी ने सोमवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने हमेशा आरक्षण का समर्थन किया है। एससी एसटी और ओबीसी का आरक्षण कोई बन्द नही कर सकता। श्रीमती गांधी ने आज अपने चुनावी दौरे में नुक्कड़ सभाओं में कहा कि विपक्ष झूठ बोल रहा है। उनके पास कोई विजन रणनीति व मुद्दा नही है। अब झूठ व जात- पात की राजनीति करने वालों के दिन गए। विकास सुशासन व सेवा की राजनीति को जनता पसंद करती है।
सोमवार को चुनावी जनसंपर्क के 25 वें दिन इसौली विधानसभा में डेढ़ दर्जन नुक्कड़ सभाओं को संबोधित किया। श्रीमती गांधी ने बताया कि उन्होंने पांच वर्षों में 5000 गरीबों की शादी करवाई है। इसमें हिंदू और मुसलमान दोनों की शादियां होती हैं। भाजपा गरीबों व वंचितों की हितैषी पार्टी है। प्रधानमंत्री ने पिछले 5 सालों में हर गरीब की मदद की है। हर गांव में काम किया है।मोदी जी का झंडा कार्यकर्ता गांव-गांव में लहरा रहे हैं।
श्रीमती गांधी ने अपने तमाम बड़े-बड़े विकास कार्यों को गिनाते हुए बताया कि कुड़वार स्थित रामलीला मैदान में 50 लाख रुपए की लागत से सामुदायिक भवन, बाउंड्रीवाल, हाईमास्ट लाइट,पार्क व शौचालय का निर्माण का काम हो रहा है। उन्होने इसौली विधानसभा के पूरे शिवदयाल गजेहडी, सौहगौली, प्रतापपुर प्रथम, इसरौली, खरगिनपुर हरखपुर, बहलोलपुर,राजापुर विनायकपुर,बेला पश्चिम,बहमरपुर बबुरी, अलीगंज बाजार, हसनपुर एवं शहर के ठठेरी बाजार में नुक्कड़ सभाओं को संबोधित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *