भोपाल : विष्णुदत्त शर्मा के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा संसद में उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ का मखौल उड़ाने के मामले को लेकर यहाँ रोशनपुर चौराहे पर टीएमसी सांसद कल्याण बनर्जी का पुतला दहन किया गया। शर्मा ने कहा कि कांग्रेस और इंडी गठबंधन के लोगों ने जिस तरह से संसद में हंगामा किया, और उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ का मखौल उड़ाया गया, यह राज्यसभा के सभापति का अपमान नहीं है, यह देश की 140 करोड़ जनता का अपमान है।
इस घटना से पूरा देश आंदोलित है। अपने इस शर्मनाक कृत्य के लिए राहुल गांधी और सोनिया गांधी को देश की जनता से सार्वजनिक रूप से मांफी मांगनी चाहिए। इस अवसर पर राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय, प्रदेश महामंत्री व विधायक भगवानदास सबनानी, विधायक विश्वास सारंग, रामेश्वर शर्मा एवं प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल सहित सैकड़ों पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
शर्मा ने कहा कि उपराष्ट्रपति के अपमान की इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना में भले ही इंडी गठबंधन के नेता भी शामिल रहे हों, लेकिन कांग्रेस पार्टी इस पूरे मामले में अपनी जिम्मेदारी से बच नहीं सकती। उप राष्ट्रपति की मिमिक्री भले ही टीएमसी सांसद कल्याण बनर्जी ने की हो, जो कैमरे के सामने एक महिला विधायक के गाल खींचकर अभद्रता करने में संकोच नहीं करते। लेकिन अपने ठहाकों और तालियों से उत्साहवर्धन करने वाले अन्य दलों के सांसद भी इसमें सहभागी रहे हैं।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कल्याण बनर्जी को समझाने की बजाय उनका वीडियो बनाकर उनका उत्साह बढ़ाने का काम किया है। इसलिए इस घटना के लिए जितने दोषी कल्याण बनर्जी और इंडी गठबंधन के सदस्य हैं, उतने ही दोषी कांग्रेस पार्टी और राहुल गांधी भी हैं। इसलिए राहुल गांधी और सोनिया गांधी को लिए देश की जनता से सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए।
श्री शर्मा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी वोट की राजनीति को देखते हुए पिछड़ा वर्ग की हितैषी होने का ढोंग करती है।
हाल ही में हुए पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव के दौरान भी कांग्रेस पार्टी ने ओबीसी के हितों की बात की थी, लेकिन इस घटना ने यह साबित कर दिया है कि कांग्रेस पिछड़ा वर्ग का सम्मान नहीं करती। कांग्रेस पार्टी झूठ, छल, कपट की राजनीति करते रहे हैं। जिस तरह से राहुल गांधी और उनके साथियों ने उप राष्ट्रपति श्री धनखड़ का अपमान किया है, वह सिर्फ उनका अपमान नहीं, बल्कि देश के संवैधानिक पद का अपमान है।
