गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

सेवन स्टार और फाइव स्टार आफिस बनाने में जुटी भाजपा

इटावा : शिवपाल सिंह यादव ने तंज कसते हुये कहा कि पिछले नौ साल में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने देश में अपने सेवन स्टार और फाइव स्टार आफिस बनाने का काम कर रही है जबकि कांग्रेस 60 साल में अपने आफिस तक नही खोल पाई। इटावा मुख्यालय पर नगर पालिका परिषद की ओर से ऐतिहासिक पक्का तालाब पर आयोजित विकास योजनाओं के शिलान्यास अवसर पर यादव ने गुरुवार को कहा कि केंद्र सरकार ने नौ साल में अपने आफिस सेवन स्टार और फाइव स्टार बना लिए है। दिल्ली आफिस में सेवन स्टार और जिलों में फाइव स्टार आफिस बनाए गए है। देश में कांग्रेस ने 60 साल राज किया है लेकिन भाजपा की तरह कांग्रेस अपने आफिस तक नही खोल पाई जबकि भाजपा ने मात्र 9 साल में ऐसा कमाल कर दिया है, इसको क्या कहेंगे।
यादव ने कहा कि भाजपा कभी अपने आप को डबल इंजन की सरकार बताती है कभी ट्रिपल इंजन की सरकार कहती है। भाजपा ने हर साल दो करोड़ लोगो को नौकरी देने का वादा किया था लेकिन किसी को भी नौकरी नहीं मिली है अगर नौकरी मिल रही है केवल आउट सोर्सिंग पर दी जा रही है। आउटसोर्सिंग नौकरी कैसी होती है और इस नौकरी में क्या सैलरी मिलती है इसे हर कोई भली-भांति जानता है।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार पूंजीपतियो के हाथो में है जबकि उत्तर प्रदेश सरकार नौकरशाही के हाथो में दे दी गई है। भाजपा की सरकार में किसी को कोई फायदा नही मिल पा रहा है । सरकार हर हाल में बेईमानी पर उतारू है। अगर सुबह से टीवी खोले तो ऐसा लगता है कि भाजपा ने देश में इतना विकास कर दिया है मानो अब विकास की कोई जरुरत नहीं है, जबकि हकीकत में ऐसा कदापि नहीं है यह केवल भारतीय जनता पार्टी का एक प्रपंच है जो टीवी के माध्यम से जनमानस को गुमराह करने में जुटा हुआ है।
सपा महासचिव ने कहा कि देश पर लगातार कर्जा बढ़ता चला जा रहा है। भाजपा झूठो की पार्टी है । झूठो की पार्टी को देश से हटाना ही मुख्य लक्ष्य है। इंडिया गठबंधन ने तय कर लिया है कि भाजपा को हर हाल में हराना है, इंडिया गठबंधन भारतीय जनता पार्टी गठबंधन को हराने में कामयाब होगा ऐसा उन्हें विश्वास है।भाजपा के कारनामे आम जन मानस के बीच लाने है जिससे भाजपा की कलई जनता के बीच खुल सके। जब ऐसा होगा तभी भाजपा की कारगुजारियों को जनता के बीच रख कर लोगो को समझाया जा सकता है।
जनमानस को संबोधित करने के बाद शिवपाल सिंह यादव ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि बसपा सुप्रीमो मायावती को भाजपा से दूरियां दिखानी चाहिए तभी उनसे गठबंधन किया जा सकता है अन्यथा बहुजन समाज पार्टी से इंडिया गठबंधन किसी भी सूरत में संभव नहीं है।
उन्होंने कहा कि 2024 में एनडीए गठबंधन को हराने के लिए इंडिया गठबंधन मजबूती से काम कर रहा है, ऐसी उम्मीद है कि इंडिया गठबंधन हर हाल में एनडीए गठबंधन को 2024 के संसदीय चुनाव में बुरी तरह से पराजित कर देगा। यादव ने कहा कि भाजपा के लोग झूठ बोलते हैं मिमिक्री एक कला है। कला में तो खुश होना चाहिए, कोई नकल कर लेता है तो अच्छी बात है, जो आदमी आलोचना सुनता है वह बड़ा होता है।

उन्होने कहा कि इंडिया गठबधन में प्रधानमंत्री चेहरे के लोग बहुत लोग हैं, जब बहुमत आ जाता है तो चेहरा चुन लिया जाता है, फिर कोई कठिनाई नहीं होती है। उन्होंने कहा कि लोकसभा में विपक्ष नहीं होगा तो जनता की बात को कैसे रखा जायेगा, भाजपा में आलोचना सुनने की सामर्थ्य नहीं है। उन्होंने कहा कि लोकसभा की सुरक्षा चूक में प्रधानमंत्री, गृह मंत्री, सरकार को जवाब देना चाहिए, जवाब कौन देगा , भाजपा के लोग जवाब देने से भाग रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *