गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

हरियाणा की जीत का मध्यप्रदेश में भाजपा ने मनाया जम कर जश्न

भोपाल : हरियाणा विधानसभा चुनाव परिणाम से बेहद उत्साहित भारतीय जनता पार्टी की मध्यप्रदेश इकाई ने राजधानी भोपाल में जम कर जश्न मनाया, जिसमें मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव और प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा भी शामिल हुए और पार्टी कार्यकर्ताओं काे जलेबी समेत अन्य मिठाइयां खिलाई गईं।
कल देर रात भोपाल के रोशनपुरा पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने जम कर जश्न मनाया और आतिशबाजी की। मुख्यमंत्री डॉ यादव और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष श्री शर्मा ने नागरिकों को जलेबी वितरित कर बधाईयां दीं। इस अवसर पर प्रदेश महामंत्री व विधायक भगवानदास सबनानी, रामेश्वर शर्मा समेत पार्टी के कई पदाधिकारी उपस्थित थे।
हरियाणा चुनाव में मुख्यमंत्री डॉ यादव ने चार विधानसभा क्षेत्रों में पार्टी प्रत्याशियों के समर्थन में चुनाव प्रचार किया था। इन चारों ही क्षेत्रों में भाजपा प्रत्याशियों ने जीत हासिल की है। इससे उत्साहित मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा कि हरियाणा की जीत कार्यकर्ताओं के परिश्रम और राहुल गांधी की विफलता का प्रतीक है।
पार्टी सूत्रों के अनुसार हरियाणा विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री डॉ यादव द्वारा विधानसभा क्षेत्र दादरी, भिवानी, तोशाम और बवानी खेड़ा में जनसभाओं को संबोधित किया गया था। इन विधानसभा सीटों पर भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवारों ने जीत हासिल की है।
विधानसभा क्षेत्र दादरी से सुनील सतपाल सांगवान, भिवानी से घनश्याम सर्राफ, बवानी खेड़ा से कपूर सिंह वाल्मीकि और तोशाम से सुश्री श्रुति चौधरी विजयी हुई हैं।
वहीं जम्मू की सांबा सीट के उम्मीदवार सुरजीत सिंह सलाथिया के पक्ष में भी डॉ यादव ने प्रचार किया था। उन्होंने भी जीत हासिल की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *