छतरपुर : विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि भाजपा सरकार विभिन्न जनहितकारी योजनाओं के माध्यम से हर वर्ग के उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है।
शर्मा छतरपुर बड़ा मलहरा विधानसभा क्षेत्र के मुंगवारी गांव में विकास यात्रा में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में प्रदेश की भाजपा सरकार विभिन्न जनहितकारी योजनाओं के माध्यम से हर वर्ग के उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है। समाज के प्रत्येक व्यक्ति का विकास और कल्याण ही भाजपा सरकार का संकल्प है। भाजपा सरकार विकास यात्रा के माध्यम से हर गरीब के जीवन को बदलने का काम कर रही है। इस यात्रा का उद्देश्य जन-जन से संवाद और हितग्राहियों को जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध सुनिश्चित कराना है।
शर्मा ने कहा कि प्रदेश में 15 महीने कमलनाथ सरकार रही, जिसने मध्यप्रदेश को बदहाली प्रदेश बना दिया था। हर मोर्चे पर कमलनाथ सरकार विफल रही। प्रदेश में जब भारतीय जनता पार्टी की सरकार आयी तो सरकार की नीतियों और योजनाओं का ही प्रभाव है कि समाज में कई कुरीतियों को समाप्त कर सकारात्मक परिवर्तन आया। लाड़ली लक्ष्मी योजना, गाँव की बेटी योजना, कन्या विवाह योजना समेत कई योजनाओं से बेटियाँ अब बोझ नहीं बल्कि हमारी ताकत बन रही है।
उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण की दिशा में मुख्यमंत्री चौहान के नेतृत्व में भाजपा की सरकार लगातार काम कर रही है। चौहान ने लाडली बहना योजना की घोषणा की है। जिसकी शुरूआत 8 मार्च अंर्तराष्ट्रीय महिला दिवस से होगी। इस योजना के तहत गरीब परिवारों की बहनों को एक हजार रूपए उनके खाते में दिए जायेंगे।
शर्मा राजनगर विधानसभा के ग्राम रनगुंवा, पथरगंवा एवं इमलिया में विकास यात्रा में सम्मिलित हुए। उन्होंने कहा कि खजुराहो लोकसभा के विकास के लिए भाजपा का संपूर्ण नेतृत्व लगा हुआ है। बुंदेलखण्ड के विकास के लिए कई सौगातें प्रदान की गई है। इस क्षेत्र के खेल प्रतिभाओं को सुविधाएं मिले और वे आगे बढ़े, इसके लिए खेल मैदान और खेल गतिविधियों का सेंटर बनाने की स्वीकृति केन्द्र ने दी है। खजुराहो के युवाओं के सपने उड़ान भरे इसके लिए जल्द ही यहां पायलट ट्रेनिंग सेंटर की शुरूआत होगी।
भाजपा हर वर्ग के उत्थान के लिए प्रतिबद्ध
